
Jamshedpur : बड़ाजामदा स्थित रेखा गैस एजेंसी के संचालक मुकेश कुमार पर अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने और घर आये सास-ससुर के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है. इस संबंध में एजेंसी संचालक की पत्नी के बयान पर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज की गयी है. पुलिस ने आरोपी मुकेश कुमार और उसके भाई को हिरासत में ले लिया है. मारपीट में घायल मुकेश के ससुर को बड़ाजामदा मुखिया राजा तिर्की एवं समाजसेवियों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है. मुकेश की पत्नी पूजा देवी ने बड़ाजामदा थाने में शुक्रवार को दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि उसकी शादी एक साल पहले बड़ाजामदा स्थित रेखा गैस एजेंसी के संचालक मुकेश कुमार से हुई थी. शादी के एक महीने बाद से ही मुकेश अपनी पत्नी को प्रताड़ित करने लगा. पत्नी से मारपीट, घर का सारा काम कराना, गाली-गलौज करना एवं अन्य तरह से प्रताड़ित करता रहा. पूजा के अनुसार उसने अपने पिता लक्ष्मण कुशवाहा से कई बार इसकी शिकायत की. अंततः लक्ष्मण कुशवाहा शादी के एक माह बाद अपनी बेटी को साथ ले गये. इसके बाद मुकेश कुमार ने कभी अपनी पत्नी को लाने का प्रयास नहीं किया. जब लक्ष्मण प्रसाद अपने दामाद से बात करने का प्रयास करते तो वह कहता कि मेरी शादी आपकी बेटी से नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ें – भुईयांसिनान में बेकाबू कार हुई दुर्घटनाग्रस्त, घायल चालक को पुलिस ने एमजीएम में भर्ती कराया
छत से कूद थाना पहुंची सास ने दी जानकारी

पिछले 1 नवंबर को लक्ष्मण कुशवाहा एवं उसकी माता राधिका देवी अपनी बेटी पूजा देवी के साथ एक नवंबर को अपने दामाद के घर बड़ाजामदा आये. मुकेश कुमार ने पत्नी एवं सास-ससुर को देखते ही घर का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया. सुबह से शाम तक तीनों बाहर ही बैठे इंतजार करते रहे. इसकी जानकारी मिलने पर बड़ाजामदा के मुखिया राजा तिर्की ने प्रशासन की मदद से मुकेश कुमार का घर खुलवा कर पूजा तथा उसके माता-पिता को घर में दाखिल कराया. पूजा ने अपनी शिकायत में लिखा है कि गुरुवार को मुकेश कुमार एवं उसके बड़े भाई जितेंद्र कुमार महतो ने उसे और उसके माता-पिता को एक कमरे में बंद करके मारपीट शुरू कर दी. इस मारपीट में उसके पिता लक्ष्मण कुशवाहा को के कपड़े फट गये और शरीर के कई हिस्सों में अंदरूनी चोटें आयीं. पूजा की मां राधिका देवी ने छत से छलांग लगाकर बड़ाजामदा थाना पहुंच आपबीती सुनाई. सूचना पर बड़ाजामदा पुलिस दोनों भाइयों को थाने ले आयी. वहां पूजा के बयान पर दोनों भाइयों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर लिया गया.
इसे भी पढ़ें – T20 World Cup: वेस्टइंडीज के दिग्गज ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो ने श्रीलंका से हार के बाद लिया संन्यास
जिला परिषद सदस्य और मुखिया ने भी किया FIR
इधर नोआमुंडी भाग-1 के जिला परिषद सदस्य शंभू हाजरा पासवान एवं बड़ाजामदा मुखिया राजा तिर्की मुकेश कुमार को समझाने उसके घर गये, तो मुकेश कुमार एवं उसके बड़े भाई जितेंद्र कुमार महतो ने दोनों को जातिसूचक गाली देकर भगा दिया. इस पर जिला परिषद सदस्य शंभू हाजरा पासवान एवं मुखिया राजा तिर्की ने मुकेश कुमार एवं जितेंद्र कुमार महतो के ऊपर एसटी-एससी अधिनियम के तहत केस दर्ज कराया है. खबर लिखे जाने तक पुलिस मामले की जांच कर रह थी. गुवा थाना प्रभारी अनिल कुमार यादव ने कहा कि मामले में जांच के बाददस दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जायेगी.
इसे भी पढ़ें – प्रशासन व्रतियों की सुविधा के लिए लागू करे ‘छठ का बाजार-व्रतियों के द्वार’ योजना : सरयू




