
Jamshedpur: जमशेदपुर में बंग समुदाय के हितों के लिए काम करने वाली अग्रणी संस्था बंग बंधु के द्वारा जोनल कमेटियों का गठन कर लिया गया है. परसुडीह स्थित लोकनाथ भवन में साउथ जोन की बैठक आयोजित की गई जहां कई अहम मुद्दों को लेकर परिचर्चा किया गया. बैठक में बंग बंधु संस्था की अध्यक्ष अपर्णा गुहा समेत तमाम पदाधिकारी मौजूद रहे. इस दौरान मुख्य रूप से पूरे जिले एवं जिले से बाहर निवास करने वाले बंग समुदाय के लोगों को एक मंच पर लाने एवं झारखण्ड राज्य में उनका हक और पूर्ण अधिकार कैसे प्राप्त हो इसको लेकर विचार-विमर्श किया गया.
इस दौरान बड़ी संख्या में पुरुष व महिला सदस्य बैठक में मौजूद रहे. संस्था की अध्यक्ष अपर्णा गुहा ने कहा की बंग बंधु संस्था के गठन आज से आठ वर्ष पूर्व कुछ सदस्यों ने मिलकर किया था और आज यह विशाल रूप धारण कर चुकी है. संस्था ने इन वर्षों में कई सामाजिक कार्यों को संपन्न किया है. साथ ही बांग्ला भाषा के अस्तित्व को बचाने, बांग्ला शिक्षा को बढ़ावा देने समेत कई आंदोलन भी किये हैं.
अब संस्था इससे आगे बढ़कर अपना विस्तार कर रही है, और इसी को लेकर जोनल कमिटीयों का गठन किया गया है, ताकि प्रत्येक जोन में संस्था को मजबूत किया जा सके. साथ ही तमाम बंग भाषियों को एक मंच पर लाकर उनका उत्थान किया जा सके.आगामी दिनों मे संस्था इसको लेकर लगातर सदस्यता अभियान भी चलाएगी. बैठक में मुख्य रूप से उपाध्यक्ष संजीव आचार्य, सचिव उत्तम गुहा, सह सचिव अशोक दत्ता, कोषाध्यक्ष सुभाष सिंहराय, परितोष महतो, अंजलि बोस, सपन कुमार दास समेत तमाम सदस्य गण मौजूद रहे.




