
Ranchi : 26 फरवरी को कांके के टिकलीटोला में एक आदिवासी दंपती की हत्या कर दी गयी. इस घटना की जानकारी सामने आने के बाद शनिवार को भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सह सांसद दीपक प्रकाश औऱ कांके विधायक समरी लाल घटनास्थल पर गये.
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने चिंता जताते हुए कहा कि झारखंड में बलात्कार और हत्या की घटनाएं सिलसिलेवार जारी हैं. सीएम आवास से मुश्किल से 5 किमी की दूरी पर इस तरह की घटना का होना अत्यंत चिंताजनक है. प्रदेश कांग्रेस ने दोनों नेताओं के दौरे को तमाशा बताते हुए कहा है कि लाश पर राजनीति करना भाजपा की आदत है.
इसे भी पढ़ें : राज्य के सबसे बड़े अस्पताल का ये है हाल, ठीक होने के बजाय कहीं और बीमार न हो जायें मरीज
पुलिस है चौकस
झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दुबे, लाल किशोरनाथ शाहदेव और राजेश गुप्ता छोटू ने भाजपा नेताओं के बारे में कहा कि कोई घटना घटती नहीं है कि भाजपाई बिना कोई मौका गंवाये राजनीति करने मौके पर पहुंच जाते हैं.
श्री दुबे के मुताबिक किसी भी तरह की आपराधिक घटना, महिलाओं के साथ ज्यादती, दुष्कर्म या हत्या सभ्य समाज के लिए कलंक है. राज्य सरकार और पुलिस-प्रशासन ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार प्रयासरत है.

किसी भी तरह की घटना होने पर अपराधियों की तुरंत गिरफ्तारी होती है. साक्ष्य एकत्रित करने और अदालत के माध्यम से आरोपियों को सजा दिलाने की कोशिश होती है.
गुमला मामले में पकड़े गये अपराधी
प्रदेश कांग्रेस के मुताबिक गुमला में 5 लोगों की नृशंस हत्या हुई. पुलिस ने घटना के सामने आते ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया. पर भाजपा नेता अपनी राजनीति से चूकना नहीं चाहती.
इसी कारण से गुमला में उस परिवार के घर पहुंच गये जिसकी तीन पीढ़ियां खत्म हो गयीं. पूर्ववर्ती भाजपा सरकार या अभी जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है, वहां घटना होने के बाद आरोपी को बचाने या जांच की दिशा को दूसरी ओर मोड़ने की कोशिश की जाती है लेकिन झारखंड में अब ऐसा नहीं होता. दोषियों को बख्शा नहीं जाता. ऐसे ही दूसरी घटनाओं में भी अपराधियों को पकड़ा गया है.
इसे भी पढ़ें : दर्दनाकः सड़क दुर्घटना में दो दोस्तों की मौत




