
Jamshedpur : विगत 20 अगस्त को आयी बाढ़ के कारण कदमा के शास्त्री नगर, निर्मल नगर आदि क्षेत्रों और मानगो कुंवर बस्ती, राम नगर श्याम नगर समेत निचले इलाकों में बाढ़ का पानी भर गया था. पानी उतरने के बाद इन इलाकों में कीचड़ और गंदगी का अंबार लग गया, जिससे बीमारियों की आशंका प्रबल हो गयी थी. इसके मद्देनजर जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह भाजपा नेता राजकुमार सिंह ने सिविल सर्जन डॉ साहिर पाल से इन इलाकों में स्वास्थ्य शिविर लगाने का अनुरोध किया था. उनके आग्रह पर स्वास्थ्य द्वारा शुक्रवार को निर्मल नगर एवं मानगो के जेपी स्कूल में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है.

निर्मल नगर में पीपलधारी शिव हनुमान मंदिर कमेटी के डॉ विनय तिवारी एवं उनकी टीम तथा मानगो मंडल अध्यक्ष विनोद राय, राजीव सिंह, रवींद्र सिंह और उनकी टीम तथा अर्जुन शर्मा का सहयोग रहा. राजकुमार सिंह ने भी दोनों स्वास्थ्य शिविरों में मुख्य अतिथि के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करायी. बड़ी संख्या में स्थानीय बाढ़ पीड़ित एवं स्थानीय लोगों ने इस शिविर में अपने स्वास्थ्य की जांच करायी. यहां चिकित्सकीय परामर्श के साथ दवा भी उपलब्ध करायी गयी. जेपी स्कूल मानगो के प्रबंधक सह समाजसेवी अर्जुन शर्मा ने कहा कि शिविर में बड़ी संख्या में लोग पहुंचकर इसे सफल बना रहे हैं. राजकुमार सिंह ने बताया कि दोनों जगह मिला कर लगभग 285 लोगों ने शिविर का लाभ उठाया. रेणु सिन्हा, राकेश प्रसाद, अभय मोहंती आदि ने भी आयोजन में सहयोग किया.
ये भी पढ़ें- Jamshedpur : संकोसाई में चोरों का आतंक, 10 से 15 घरों से कर ली बिजली के तारों को चोरी




