JharkhandLead NewsOpinionRanchiTOP SLIDER

विधानसभा चुनाव नतीजेः झामुमो की बढ़ी जिम्मेदारी, भाजपा को करना होगा विचार

Kumar Saurav

Ranchi : विधानसभा चुनाव के परिणाम औऱ रुझानों से यह साफ हो चुका है कि एक बार फिर से झारखंड में इंडी अलायंस की सरकार बनेगी. वह भी पिछली बार से मजबूत स्थिति में. अब तक के रुझानों और नतीजों के अनुसार इंडी अलायंस को 57 सीटें मिली हैं या उनमें आगे है. इन नतीजों से साफ है कि झारखंड की जनता ने भाजपा के एजेंडे को नकार दिया है. भाजपा जिस नैरेटिव के जरिये सत्ता पाने की उम्मीद पाले बैठी थी वह औंधे मुंह जा गिरी है. उसे पिछले बार से भी कम सीटें मिली हैं. इस चुनाव परिणाम से कई बातें साफ हुई हैं.

जेएमएम पर बढ़ी जिम्मेदारी

जल जंगल जमीन से जुड़ी पार्टी झामुमो ने अपने वोटरों को अंत तक साधे रखने में कामयाबी पायी. झारखंड में झामुमो सबसे बड़ी पार्टी बन कर उभरी है. सबसे बड़ी पार्टी होने के नाते उसकी जिम्मेदारी भी सबसे बड़ी है. उसके मुखिया हेमंत सोरेन कई बार अपनी परिपक्वता का परिचय दे चुके हैं, उम्मीद है आगे भी देते रहेंगे. जनता ने उनपर जो विश्वास दिखाया है इस नाते उन पर जिम्मेदारी भी बढ़ी है कि वह लोगों के विश्वास पर खरा उतरें औऱ राज्य को नयी बुलंदियों तक ले जायें. यह उनके लिए एक ऐसे मौके की तरह है जो उन्हें नये मुकाम तक पहुंचा सकता है.

जयराम का उभार

इस चुनाव नतीजों से एक बात औऱ साफ हुई है कि जयराम महतो एक नया कोण बना चुके हैं. भले ही उनकी पार्टी को सिर्फ एक ही सीट हासिल हुई है. जयराम महतो ने डुमरी से जीत हासिल कर यह साबित कर दिया है कि आनेवाले समय में उनकी ओर से बहुत कुछ देखने को मिलेगा. भले ही जयराम महतो की पार्टी को एक ही सीट मिली है पर उनके उम्मीदवारों ने दर्जन भर सीटों पर दूसरे नंबर और तीसरे नंबर पर स्थान पाने में कामयाबी हासिल की है. कहीं 20 हजार तो कहीं 50 हजार मत पाने में सफल रहे हैं. जो यह दर्शा रहा है कि भले ही वह जीते नहीं पर एक खासपार्टी को अच्छा खासा नुकसान पहुंचा चुके हैं. इस जीत के साथ ही जयराम पर जिम्मेदारी और भी ज्यादा बढ़ गयी है.

सुदेश महतो पॉलिटिकल डेथ की ओर

एक समय में झारखंड की राजनीति में किंग मेकर की भूमिका निभानेवाले सुदेश महतो को इस चुनाव में पराजय का स्वाद चखना पड़ा है. उनकी पार्टी के सिर्फ एक उम्मीदवार जीत पाये हैं और वह भी महज कुछ सौ वोटों से. सुदेश महतो की आजसू पार्टी ने 10 सीटों पर चुनाव लड़ा था. जीत उन्हें सिर्फ एक में मिली है. जयराम महतो से उन्हें कड़ी चुनौती मिली और वह इस चुनौती में बुरी तरह से विफल हुए हैं. कहा जाये तो वह पॉलिटिकल डेथ की ओर हैं. जल्द ही उन्होंने अपने संगठन को दुरुस्त नहीं किया तो वह दिन दूर नहीं जब किंग मेकर की भूमिका निभानवाले को अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़नी पड़े.

कांग्रेस में नयी ऊर्जा का संचार

झारखंड विधानसभा चुनाव के नतीजों से सबसे ज्यादा फायदा यदि किसी को हुआ है तो वह कांग्रेस है. कांग्रेस को 16 सीटें मिलती दिख रही हैं. ऐसा माना जा रहा था कि इस बार कांग्रेस का प्रदर्शन पिछली बार जैसा नहीं रहेगा. राजनीतिक पंडितों को गलत बताते हुए कांग्रेस ने अपने प्रदर्शन को दोहराया है. इस जीत से कांग्रेस में नयी ऊर्जा का संचार हुआ है.

बाबूलाल बुरी तरह से हुए फेल

झारखंड भाजपा के लिए यह चुनाव अब तक का सबसे बुरा परिणाम वाला रहा है. उसे सिर्फ 20 सीटें मिलती दिख रही हैं. राज्य में सबसे ज्यादा समय तक शासन करनेवाली पार्टी भाजपा बाबूलाल मरांडी के नेतृत्व में मैदान में थी. पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों की ताबड़तोड़ चुनावी रैलियों के बावजूद भाजपा अपना नैरेटिव सेट करने में विफल हुई. बाबूलाल मरांडी को भाजपा ने फ्री हैंड दिया था. यहां तक कि भाजपा के अन्य धड़ों को भी चुनाव में निष्क्रिय कर दिया सिर्फ इसलिए कि भाजपा के खिलाफ जो आदिवासी विरोधी होने का आरोप लगा था उसे मिटाया जा सके. एसटी सीटों पर पार्टी ने जम कर मेहनत की पर उसे सिर्फ एक ही एसटी सीट पर जीत मिली और वह भी झामुमो से भाजपा में आये पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन की. सिर्फ चंपाई सोरेन की अपनी सीट जीत सके. भाजपा के एक और कद्दावर नेता नीलकंठ सिंह मुंडा खूंटी सीट से हार गये. इसके अलावा नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी भी चुनाव हार गये. यही नहीं वह तीसरे नंबर पर रहे. प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी भले ही आदिवासी समुदाय से आते हैं पर उन्होंने सामान्य सीट से चुनाव लड़ने का फैसला लिया था. अब इसके पीछे उकी क्या रणनीति रही यह तो वही बता सकते हैं. विधानसभा में अब भाजपा के पास मात्र दो ही आदिवासी नेता बच गये हैं. भाजपा को अब नये सिरे से संगठन के स्तर पर काम करने की जरूरत है. देखना यह है कि क्या ‘पार्टी विद अ डिफरेंस’ कुछ ‘डिफरेंट’ कर पायेगी.

Related Articles

Back to top button