
Jamshedpur : बिष्टूपुर साउथ पार्क एरिया की रहने वाली वर्षा पटेल उर्फ तृषा की हत्या के मामले में जेल गए एएसआई धर्मेन्द्र कुमार की मुश्किलें बढ़ती जा रही है. बीते दिनों ही मृतका की बहन जया पटेल ने खुलासा किया था कि आरोपी ने अपनी बहन की शादी के लिए वर्षा से 1.64 लाख रुपये लिए थे. इसे लेकर उसने टेल्को थाने में आवेदन भी दिया था. इस बीच वर्षा की बहन जया ने अपने अधिवक्ता विद्या सिंह के माध्यम से कोर्ट में शिकायतवाद दाखिल किया है.
धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का आरोप
हत्याकांड में एएसआई धर्मेन्द्र कुमार पर धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग की धारा जोड़ने का अनुरोध किया गया है. साथ ही धर्मेन्द्र पर वर्षा से रुपये लेने का जिक्र करते हुए बताया गया है कि वह अश्लील वीडियो से वर्षा को ब्लैकमेल करता था. इस वजह से वर्षा तीन महीने से डिप्रेशन में थी. हालांकि उसने यह बात अपने परिवार के लोगों नहीं बताई थी. उसकी मौत के बाद दोस्तों ने इन सारी बातों का खुलासा किया है.
विद्या सिंह हैं वकील
में अधिवक्ता विद्या सिंह का कहना है कि पुलिस ने वर्षा हत्याकांड में आरोपी धर्मेन्द्र पर धारा 302 और 201 लगाया है. अब धोखाधड़ी और ब्लैकमेलिंग का मामला सामने आने पर उसपर धारा 420, 406, 376, 503 लगाया जाए. बता दें कि पिछले 12 नवंबर को घर निकली वर्षा का 18 नवंबर को टेल्को तार कंपनी तालाब में शव मिला था. पुलिस इस हत्याकांड में एएसआई धर्मेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है. पुलिस के खुलासे के मुताबिक वर्षा अश्लील वीडियो दिखाकर धर्मेंद्र को रुपयों के लिए ब्लैकमेल करती थी. धर्मेंद्र ने उसे 40 हजार रूपए भी दिए थे, लेकिन वर्षा की बहन जया के खुलासे के बाद इस पूरे मामले में नया मोड़ आ गया है.
इसे भी पढ़ें- बारीडीह में टीन की छत काटकर वेरायटी स्टोर में चोरी, चाय की दुकान को भी नहीं छोड़ा




