
Ranchi: राजभवन के समक्ष महिलाएं रात भर खुले आसमान के नीचे सोती हैं. ये एक रात की बात नहीं, बीते 21 अगस्त से राजभवन के समक्ष यही दृश्य देखने को मिल रहा है. आते जाते कोई भी देख सकता है. ये उस सरकार के काल में हो रहा है, जिसमें महिला सशक्तिकरण और बेटी बचाओ के नारे दिये जाते हैं. तीज के पूर्व रात्रि को भी इन महिलाओं को इसी तरह खुले आसमान के नीचे सोते देखा गया. झारखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त संघर्ष मोर्चा के बैनर तले ये महिलाएं 21 अगस्त से आंदोलनरत हैं. बात करने पर पता चला कि अपनी पांच सूत्री मांगों के लिए ये आगंनबाड़ी कर्मचारी आंदोलन में हैं. प्रदेश अध्यक्ष देवंती देवी ने बताया कि जनवरी 2018 में मोर्चा और सरकार के बीच लिखित समझौता किया गया था. एक साल हो जाने के बाद भी सरकार ने इस समझौते के अनुसार आदेश नहीं निकाला. जिससे राज्य की आंगनबाड़ी कर्मचारियों में आक्रोश है. राज्य में इनकी संख्या लगभग 80 हजार है. इसमें 38,432 सेविका, 38,432 सहायिका और 12 हजार पोषण सखी हैं.
देखें वीडियो-
इसे भी पढ़ें – बीजेपी ही नहीं विपक्षी विधायक भी मान रहे कि विधानसभा चुनाव की तैयारी में सुस्त है पार्टी
बारिश के कारण आधी रात से खड़ी रहीं पांच हजार महिलाएं
रविवार की रात एक बजे से राजधानी में तेज बारिश हुई. ऐसे में शामियाना के नीचे सोयी महिलाएं पूरी तरह भींग गयीं. इन महिलाओं में से कुछ के साथ इनके बच्चे भी थे, वे भी भींग गये. हालांकि ये महिलाएं सुबह अपने अपने घर चली गयीं. लेकिन पता चला कि रात एक बजे के बाद से लगातार बारिश होने के बाद ये महिलाएं सुबह तक खड़ी ही रह गयीं. राजभवन से कुछ दूरी पर कुछ दुकानें तो हैं लेकिन इतनी जगह नहीं थी कि पांच हजार महिलाएं और उनके बच्चे इसमें आराम से बैठ भी सकें. कुछ ने बताया कि तेज बारिश के कारण राजभवन के समीप स्ट्रीट लाइट भी नहीं जल रही थी. ऐसे में किसी तरह बारिश में समय बीता. महिलाओं ने खुले आसमान के नीचे सोने पर भय भी व्यक्त किया. इन महिलाओं में अधिकांश सिमडेगा और रांची की थीं.
इसे भी पढ़ें – सीएम रघुवर दास का कुपोषण मुक्त अभियान और बच्चों का अंडा व आंगनबाड़ी सेविका
खुद लाती हैं मच्छरदानी, राजभवन के पास लगाती हैं
इनकी मांगों की संवेदना को इससे समझा जा सकता है कि ये महिलाएं जब आंदोलन के लिए राजभवन के पास एकत्रित होती हैं, तो अपने साथ मच्छरदानी ले आती हैं. कुछ तो टेंट के नीचे ही सो जाती हैं. लेकिन मोर्चा की ओर से कुछ बेड राजभवन के समीप लगाये गये हैं. जहां ये महिलाएं अपने लिए मच्छरदानी, चादर, तकिया आदि ले कर आती हैं. कुछ महिलाओं ने बताया कि बच्चे छोटे हैं, ऐसे में टेंट के नीचे बच्चों को नहीं सुलाया जा सकता. इसलिए मच्छरदानी और दूसरे सामान लेकर आती है. जो महिलाएं बच्चों के साथ नहीं हैं वो टेंट में ही सोती हैं. इन महिलाओं ने राजभवन के समक्ष ही तीज व्रत भी किया.
ये हैं इनकी मांगें
- आंगनबाड़ी कर्मियों का स्थायीकरण किया जाये
- सरकार से जनवरी 2018 में हुए समझौते को लागू किया जाये
- मानदेय के स्थान पर वेतन दिया जाये
- न्यूनतम वेतन लागू किया जाये
- समान काम के लिए समान वेतन दिया जाये
- स्वास्थ्य बीमा कराया जाये.
इसे भी पढ़ें – 600 रुपये की करीब 5 लाख साड़ियां, लागत 30 करोड़, वही कंपनी करेगी सप्लाई जिसका टर्न ओवर 1000 करोड़



