
Ranchi: कृषि उत्पादन बाजार समिति, रांची के मुख्य बाजार प्रांगण, टर्मिनल मार्केट यार्ड, पंडरा तथा विभिन्न ग्रामीण हाट, बाजारों में आवंटित दुकान, गोदाम का एकरारनामा नवीकरण लंबे समय से लम्बित है. कृषि उत्पादन बाजार समिति के मुताबिक, यह नियम विरूद्ध है. एकरारनामा में वर्णित प्रावधानों का उल्लंघन भी है. समिति के पणन सचिव के स्तर से सूचना जारी करते कहा गया है कि भुक्त बाजार प्रांगण, पंडरा, टर्मिनल मार्केट, यार्ड, पंडरा एवं विभिन्न हाट, बाजारों में बाजार समिति रांची के द्वारा आवंटित आवंटियों, व्यापारियों को आदेश दिया जाता है कि वे अविलंब अपने- अपने दुकान, गोदाम का लंबित किराया जमा कर दें. एकरारनामा का नवीकरण करना सुनिश्चित करें. ऐसा नहीं करने पर लीगल एक्शन लिया जायेगा जिसके लिए आवंटी, व्यापारी ही जिम्मेवार होंगे.
यह है बाजार समिति का हाल
गौरतलब है कि रांची के पंडरा बजार समिति में छोटे-बड़े करीब 1,000 दुकान और गोदाम हैं. इससे लाखों की आमदनी हर महीने बाजार समिति को होती है. मगर सुविधा के नाम पर यहां समुचित और बुनियादी व्यवस्था तक का अभाव है. स्थिति यह है कि इस परिसर में एक दर्जन चापाकल हैं, जिसमें सभी के सभी खराब पड़े हैं. बाजार समिति सचिव से कई बार चिठ्ठी लिखकर संसाधन मुहैया कराने की मांग झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स रांची कर चुका है. कहा जाता है कि 2015 में जब से बाजार शुल्क समाप्त हुआ, उसके बाद से कोई भी मरम्मति या सुविधा देने का काम नहीं हुआ है. जिस वजह से जगह-जगह दुकान की छतें चू रही हैं और नाला जाम होने की वजह से जलजमाव बना हुआ है. इसी तरह दुकानदार श्रेयांस कहते हैं कि यहां हर दिन हजारों लोग विभिन्न राज्यों से आते हैं. मगर साफ-सफाई और पीने का पानी नहीं होने की वजह से आम लोग परेशान होते हैं. अब उम्मीद है कि सुविधाएं सरकार देगी.




