
Ranchi: यूरेनियम कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (यूसीआईएल) जादूगोड़ा प्रबंधन ने एक सप्ताह के लिए अपने प्लांट बंद रखने का निर्णय लिया है. इससे संबंधित आदेश शनिवार देर रात जारी कर दी गई.
इस संबंध में यूसीआईएल के महाप्रबंधक (कार्मिक) एसके शर्मा ने बताया कि देश भर में तेजी से बढ़ते कोरोना संक्रमण के कारण कंपनी ने यह निर्णय लिया है. इसके तहत देश में यूसीआईएल की सभी यूनिटों को एक सप्ताह तक बंद रहेगी. उन्होंने कहा कि पूर्वी सिंहभूम के जादूगोड़ा क्षेत्र में दिन-प्रतिदिन संक्रमण का प्रकोप बढ़ता जा रहा है. इसलिए यहां भी यूनिट बंद रहेगी.
उन्होंने बताया कि देश हित में यह निर्णय लिया गया है. कंपनी के बंद होने से हालांकि काफी नुकसान उठाना पड़ेगा, लेकिन जनहित में कोरोना से बचाव के लिए ऐसा निर्णय लिया गया है.
इसे भी पढ़ें: जानें, क्या है नंदुरबार मॉडल, जिसे कोरोना से बेकाबू महाराष्ट्र के हर जिले में किया गया है लागू
गौरतलब है कि देश में यूसीआईएल ही एकमात्र ऐसी संस्था है, जो यूरेनियम उत्खनन के काम में लगी है. कर्मचारियों को कोरोना संक्रमण से बचाना कंपनी की प्राथमिकता है. इसलिए प्रबंधन ने एक सप्ताह के लिए यूसीआईएल की देश भर की सभी यूनिटों को बंद रखने संबंधी निर्णय लिया है. कंपनी के मुताबिक वैश्विक आपदा कोरोना संक्रमण से बचाव के मद्देनजर ऐसा कदम उठाना पड़ा है.
इसे भी पढ़ें: कोलकाता-अहमदाबाद के लिये स्पेशल ट्रेन, जानें राज्य के किन-किन स्टेशनों पर होगा ठहराव




