JamshedpurJharkhandKhas-Khabar

जमशेदपुर को भारी वाहनों के जाम से मिलेगी मुक्ति, सरकार और टाटा स्टील मिलकर बना रहे ये प्लान

Jamshedpur : टाटा स्टील के वीपी (कारपोरेट सर्विसेस) चाणक्य चौधरी ने कहा है कि जमशेदपुर में आबादी का दबाव दिन प्रति दिन बढ़ रहा है. बढ़ती आबादी के दबाव को ध्यान में रखते हुए हम शहर की नागरिक सुविधाओं का भी विस्तार कर रहे हैं, ताकि भविष्य की चुनौतियों का सामना किया जा सके. शहर की सड़कों पर वाहनों, विशेषकर भारी वाहनों के बढ़ते दबाव और उसके चलते होनेवाले जाम (कंजेशन) एवं दुर्घटनाओं को लेकर टाटा स्टील काफी संजीदा है. चौधरी शनिवार को यूनाइटेड क्लब में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे. पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि हमारी कोशिश दो स्तरों पर चल रही है.

पहली कोशिश – वर्तमान ढांचागत संरचना को कर रहे बेहतर

चौधरी ने कहा कि पहली कोशिश के तहत हम यह कर रहे हैं कि जो ढांचागत संरचना हमारे पास है, उसे और बेहतर कैसे किया जाये और उसका बेहतर इस्तेमाल कैसे किया जाये, इसके तहत हम शहर की सड़कों का चौड़ीकरण करने के साथ ही विभिन्न तरह के ट्रैक और पार्क बना रहे हैं, ताकि लोगों का आवागमन सुगम हो सके. सड़कों पर खड़ा रहनेवाली गाड़ियों को हटाने के लिए हम पार्किंग जोन बना रहे हैं ताकि सड़कों पर देर तक खड़ी रहने वाली गाड़ियों को इन पार्किंग स्थानों पर पार्क किया जाये.

दूसरा प्रयास–नयी ढांचागत संरचना बना रहे

दूसरा प्रयास नयी ढांचागत संरचना के बनाने को लेकर है. बकौल चाणक्य चौधरी, हम झारखंड सरकार के साथ मास्टर प्लान बना रहे हैं, ताकि शहर को जाम फ्री  किया जा सके. हम ऐसा कोई इंतजाम कर सकें, जिससे भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने की जरूरत ही नहीं रहे. इसके लिए दो-तीन रूट पर हमारा काम चल रहा है. उन्होंने बताया कि सीआरएम बारा के पास भारी वाहनों की ट्रैफिक काफी होती है. हम अपने मास्टर प्लान के तहत वहां पर कोई नया रूट या ब्रिज बनाने पर विचार कर रहे हैं, ताकि उधर के भारी वाहनों को शहर में प्रवेश करने का मौका नहीं मिले. पहले ईस्टर्न और वेस्टर्न कोरिडर बनाने की जो योजना थी, वह जमीनी हकीकत नहीं बन पायी. अब हम बदलती जरूरतों के हिसाब से भविष्य को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान बना रहे हैं, जिसमें ऐसे भारी वाहनों के लिए अब ईस्ट और के साथ और नॉर्थ-ईस्ट प्रोजेक्ट पर विचार कर रहे हैं. चूंकि प्लांट आबादी के बीच में है तो हमारी कोशिश है कि शहर की जरूरतों के अनुरूप सुविधाएं हो.

वायू प्रदूषण के लिए एयर सैंपलिंग स्टेशन लगाया जा रहा

चाणक्य चौधरी ने बताया कि शहर के विभिन्न इलाकों के वायु प्रदूषण को जानने के लिए हम शहर में विभिन्न एयर सैंपलिंग स्टेशन लगा रहे हैं, जो उस इलाके के वायु प्रदूषण को बताएगा. इस स्टेशन के पास साइन बोर्ड पर एयर क्वालिटी की जानकारी मिलेगी.

इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर : रेलवे की बदइंतजामी से उद्घाटन स्थल तक नहीं पहुंच सके सरयू ने कह दी इतनी बड़ी बात

Related Articles

Back to top button