
Dhanbad : धनबाद से तीन बार सांसद और तीन बार विधायक रह चुके एके राय के स्वास्थ्य में लगातार गिरावट देखी जा रही है. पिछले तीन दिनों से उनके शरीर के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया है. उनके रेस्पिरेटरी सिस्टम ने पूरी तरह काम करना बंद कर दिया है.
फिलहाल उन्हें बीसीसीएल के सेंट्रल अस्पताल के आइसीयू में रखकर ऑक्सीजन दिया जा रहा है. उनका इलाज कर रहे डॉक्टरों ने भी उनके स्वास्थ्य के प्रति चिंता जतायी है. राय दा की स्थिति को देखते हुए लगातार उनके शुभचिंतको का अस्पताल परिसर में आना लगा हुआ है.
इसे भी पढ़ें : सीएनटी एक्ट का उल्लंघन कर ब्रदर ने खरीदी 4.23 एकड़ जमीन, खरीदी 2.6 लाख में, बेची 4.72 करोड़ में
अपना घर और वाहन तक नहीं, पेंशन जमा करते हैं राष्ट्रपति कोष में
झोपड़ीनुमा कार्यालय के एक कमरे में जीवन गुजारने वाले राय दा पूर्व सांसद के तौर पर मिलने वाली कोई भी सुविधा नहीं लेते. वे पेंशन की राशि भी राष्ट्रपति कोष में जमा कराते हैं. सादगी और त्याग भरे जीवन ने उन्हें सियासत का संत बना दिया है. सादगी के प्रतीक राय दा ने विवाह नहीं किया.
इंजीनियर से कॉमरेड एके राय बने राय दा के पास अपना कहने को न तो घर है और न ही गाड़ी. उनके पास कुछ है तो वह है कैडरों की फौज जो अब भी उनका साथ नहीं छोड़ती. अस्पताल में आइसीयू के बाहर सैकड़ो कैडर अब भी उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ का कामना कर रहे हैं.
इसे भी पढ़ें : पलामू : पुल उड़ाने आये नक्सलियों से पुलिस-CRPF की मुठभेड़, चार गिरफ्तार, तीन बाइक बरामद




