
Ghatshila: ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स आर्गेनाइजेशन के राज्य सचिव मंडल के सदस्य एवं कोल्हान के छात्र नेता रमेश बंसीरयार की पश्चिम सिंहभूम के मनोहरपुर में सड़क दुर्घटना में मौत हो गयी. रमेश ने छात्र राजनीति की शुरुआत घाटशिला कॉलेज से शुरू की जब वे घाटशिला कॉलेज इकाई के अध्यक्ष थे. कॉलेज के विभिन्न मुद्दों को लेकर हमेशा आवाज उठाते रहे. पिछले वर्ष विश्वविद्यालय से फिजिक्स में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की और कॉलेज में व्याप्त शैक्षणिक समस्याओं और मुद्दों को लेकर छात्र आंदोलन का निर्माण किया व कई ऐतिहासिक जीत भी दिलाई.
वर्तमान में कोल्हान यूनिवर्सिटी के प्रमुख छात्र नेता के रूप में ये यूनिवर्सिटी स्तरीय छात्र मुद्दों को उठाते रहे थे. कॉमरेड शिवदास घोष के विचारों से प्रभावित होकर इन्होंने झारखंड राज्य में कई प्रमुख मुद्दों को लेकर आंदोलन को नेतृत्व प्रदान किया. राज्य सचिव समर महतो ने कहा कि सड़क दुर्घटना में इनके निधन से न केवल संगठन को अभूतपूर्व क्षति हुई है,बल्कि छात्र आंदोलन को भी एक कुशल नेतृत्व की कमी महसूस होगी. शिवदास घोष, भगत सिंह, नेताजी सुभाषचंद्र बोस, चंद्रशेखर आज़ाद, बिरसा मुंडा, सिदो- कान्हो के जीवन संघर्ष और इनके विचारों से प्रभावित होकर इन्होंने शैक्षणिक समस्याओं के खिलाफ संघर्ष का संकल्प लिया था. सोमवार को 6.30 बजे घाटशिला के कशीदा स्थित शिवदास घोष मेमोरियल अध्ययन केंद्र में संगठन की ओर से श्रद्धांजलि दी गई.




