
Koderma: कोडरमा के अधिवक्ताओं ने कोडरमा एसडीओ की कथित मनमानी को लेकर मोर्चा खोल दिया है. अधिवक्ताओं ने गुरुवार को कोडरमा डीसी को एक ज्ञापन देकर कहा कि कोडरमा अनुमण्डल दण्डाधिकारी ने अधिवक्ता तरूण लाल धर्मचन्द मौनका के साथ अभद्र व अमर्यादित व्यवहार करते हुए उन्हें अपने कार्यालय कक्ष से बाहर करवा दिया. आवेदन में कहा गया है कि 26 जून को जब अधिवक्ता तरुण लाल धर्मचन्द मौनका जनहित में कार्य करते हुए दण्ड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के अन्तर्गत कार्रवाई प्रारम्भ करने के लिए अनुमण्डल दण्डाधिकारी के समक्ष निवेदन कर रहे थे, तब एसडीएम रिया सिंह ने अकारण आक्रोश में आकर अधिवक्ता मौनका के साथ अभद्र व अमर्यादित व्यवहार करते हुए अपने सुरक्षा गार्ड व आदेशपाल को कार्यालय कक्ष में बुलवाकर अधिवक्ता को कार्यालय कक्ष से बाहर करवाने का आदेश दिया एवं बिना कुछ सुने अधिवक्ता मौनका को कार्यालय कक्ष से बाहर करवा दिया गया. जिसे कार्यालय कक्ष के सीसीटीवी फुटेज में भी देखा जा सकता है.
इस संबंध में अधिवक्ता मौनका के द्वारा उपायुक्त एवं जिला अधिवक्ता संघ को भी 26 जून को कार्रवाई करने हेतु आवेदन दिया गया था. उपरोक्त आवेदन के आलोक में गुरुवार को सुबह 9:30 बजे जिला अधिवक्ता संघ, कोडरमा द्वारा अधिवक्ता संघ के हॉल नं0-01 में एक आपात बैठक आहूत की गई जिसमें रिया सिंह, अनुमण्डल दण्डाधिकारी, कोडरमा के इस व्यवहार व क्रियाकलाप की घोर निन्दा की गयी एवं इस अशोभनीय कार्य के लिए सख्त कदम उठाने की माँग की गई.
आवेदन में कहा गया है कि अनुमण्डल दण्डाधिकारी द्वारा कभी भी एक निश्चित समय पर अपने न्यायालय में सुनवाई नहीं किया जाता है, उनके द्वारा यदा-कदा असमय अपने कार्यालय कक्ष से ही राजतंत्र की भाँति तानाशाह बनकर न्यायालय संचालित किया जाता है जो कि न्यायोचित नहीं है. बैठक में निर्णय लिया गया कि उपरोक्त संबंध में उपायुक्त, कोडरमा, जिला एवं सत्र न्यायाधीश, कोडरमा, झारखण्ड राज्य विधिज्ञ परिषद, रांची, गृह सचिव, झारखण्ड सरकार, मुख्य सचिव झारखण्ड सरकार, मुख्यमंत्री झारखण्ड सरकार, कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश, झारखण्ड उच्च न्यायालय को आवश्यक कार्रवाई करने के लिए ज्ञापन सौंपी जायेगी. कहा गया कि तीन दिनो के अंदर रिया सिंह अनुमण्डल दण्डाधिकारी, कोडरमा के द्वारा अधिवक्ता तरूण लाल धर्मचन्द मौनका के साथ किये गये दुर्व्यवहार के लिए माफी माँगे एवं न्यायालय का सभी कार्य अनुमण्डल परिसर में अवस्थित खुले न्यायालय कक्ष से हीं करें. तीन दिन के बाद जिला अधिवक्ता संघ, कोडरमा, अनुमण्डल दण्डाधिकारी, कोडरमा के सभी न्यायिक कार्यों से अपने आप को अनिश्चितकाल के लिए अलग रखेंगे एवं मानहानी का मुकदमा दाखिल करने के लिए स्वतंत्र होंगे. बैठक में मुख्य रूप से जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जगदीश सलूजा, सचिव मनीष कुमार समेत अन्य लोग मौजूद थे.
इसे भी पढ़ें: धनबाद रेल मंडल के 8 स्टेशनों पर लगाए गए सोलर पैनल




