
Ranchi : राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर बापू के अनुयायी टाना भगतों के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने एक बड़ी घोषणा की है. उन्होंने कहा है कि राज्य सरकार जिस तरह सरकारी कर्मियों को वर्दी भत्ता देती है, ठीक उस प्रकार टाना भगत समुदाय के लोगों को सरकार वर्ष में एक बार 2,000 रुपये देगी.
राजधानी स्थित बनहोरा पहुंचे मुख्यमंत्री ने यह घोषणा की है. इस दौरान हेमंत सोरेन ने यहां पर नवनिर्मित भवन टाना भगत समुदाय के अतिथि गृह का उद्घाटन किया. इसके अलावा सीएम ने यहां पर महात्मा गांधी एवं जतरा टाना भगत की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण किया. उन्होंने कहा कि जिस अनुशासन से टाना भगत रहते हैं, ठीक उस प्रकार से इस भवन को रखना है. इस भवन को सम्मान दें. इसे अपने घर के समतुल्य रखें.

लोगों की खुशहाल जिंदगी के लिए प्रयासरत सरकार
मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 वर्ष बाद ऐसी सरकार बनी है जो यहां के लोगों के सुख-दुःख से वाकिफ है. सरकार इस चिंता में लगी रहती है कि कैसे राज्यवासियों को अच्छी और खुशहाल जिंदगी मिले. सरकार आश्वस्त करती है कि आनेवाले दिनों में राज्यवासियों के विकास में बेहतर परिवर्तन आयेगा. झारखंड का इतिहास किसी से छिपा नहीं है. हमारे पूर्वजों ने संघर्ष किया. पीड़ा झेली. अब जब जिम्मेदारी कंधों पर आयी है तो उस संघर्ष का मतलब समझ में आया है.
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की बात सरकार तक आनी चाहिए. राज्य की जनता सरकार से अपनी बात नहीं कहेगी तो किससे कहेगी. आपके बीच आपकी सरकार है. अभी हमने चलना शुरू किया है. पूरे साल हम सभी कोरोना संक्रमण में उलझे रहे. उस समय दलित, आदिवासी, गरीब और जरूरतमंदों के साथ आपका बेटा और झारखंड का मुख्यमंत्री खड़ा था.
2.73 करोड़ की लागत से बने अतिथि गृह में मिलेंगी कई सुविधाएं
बता दें कि राजस्व, निबंधन एवं भूमि सुधार विभाग द्वारा बनहोरा में अतिथि गृह का निर्माण करीब 2.73 करोड़ की लागत से हुआ है. अतिथि गृह में 12 कमरे, दो हॉल हैं. भवन आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है. अतिथि गृह के निर्माण से अब टाना भगत समुदाय के लोगों को ठहरने एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित करने में सुविधा होगी. इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता, अपर मुख्य सचिव एल ख्यांग्ते, विधायक बंधु तिर्की, रांची डीसी, एसएसपी सहित टाना भगत समुदाय के लोग उपस्थित थे.




