ChaibasaJharkhand

चाईबासा:बड़ाजामदा स्थित रेखा गैस एजेंसी के संचालक से लोग परेशान, थाने में की लिखित शिकायत

Chaibasa : बड़ाजामदा स्थित रेखा गैस एजेंसी के संचालक की मनमानी से क्षेत्र के उपभोक्ता नाराज व परेशान हैं. उपभोक्ताओं की परेशानी व शिकायतों को देखते हुये जिला परिषद सदस्य शंभु हाजरा पासवान ने जिला खाद्य आपूर्ति पदाधिकारी, नोवामुंडी के अंचलाधिकारी तथा बड़ाजामदा ओपी प्रभारी से शिकायत कर उक्त गैस एजेंसी से संबंधित समस्या को दूर करने की मांग की है.

शंभु हाजरा पासवान ने बताया कि गैस संचालक दुकान में गैस हेतु उपभोक्ताओं से पैसे लेकर रसीद काट देता है एवं लगभग दो किलोमीटर दूर पंड्राशाली गांव स्थित गोदाम में जाकर गैस लेने की बात कहता है. जबकि उक्त रास्ते में खनीज की ढुलाई करने वाले भारी वाहनों का परिचालन होता है. इससे हमेशा बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के उपभोक्ताओं का गैस कार्ड दुकान का संचालक अपने पास रखकर उसका इस्तेमाल गैस की कालाबाजारी करने के लिये कर रहा है. गैस की होम डिलीवरी नहीं की जा रही है तथा होम डिलिवरी के एवज में पैसे की मांग की जाती है.

गैस की ढुलाई व डिलीवरी करने किरीबुरु आया चालक चातोम्बा तथा मजदूरों ने बताया कि किरीबुरु, मेघाहातुबुरु एवं जैंतगढ़ के लोगों से होम डिलिवरी के एवज में अतिरिक्त 50 रुपये, नोवामुंडी व गुवा के लोगों से 30 रुपये लिये जाते हैं. चालक को 260 एवं डिलिवरी मजदूर को 160 रुपये प्रतिदिन मजदूरी एजेंसी संचालक द्वारा दी जाती है. गैस वाहन में आग बुझाने व सुरक्षा से संबंधित कोई उपकरण या यंत्र नहीं उपलब्ध कराया गया है. इस मामले में गैस एजेंसी के मैनेजर से सम्पर्क करने पर उसने बताया कि एजेंसी के मालिक अभी जेल में हैं. वही सारी जानकारी दे पायेंगे. उन्होंने कहा कि पांच किलोमीटर परिधि क्षेत्र के लोगों से गैस की होम डिलिवरी के एवज में कोई पैसा नहीं लिया जाता है. किरीबुरु, गुवा, नोवामुंडी, जैंतगढ़ क्षेत्र के लोगों को होम डिलिवरी करने के एवज में अवश्य पैसा लिया जाता है, लेकिन इसकी रसीद नहीं दी जाती है, क्योंकि यह सिस्टम में शामिल नहीं होता है तथा प्रावधान में है.

ये भी पढ़ें- जमशेदपुर: अधिसूचित क्षेत्र समिति के विशेष पदाधिकारी के नेतृत्व में चला जागरूकता अभियान

Related Articles

Back to top button