
Jamshedpur : आदित्यपुर के बेल्डीह छठ घाट से लौट रहे विक्की नंदी पर बम से हमला करने के मामले की पुलिस ने जांच तेज कर दी है. पुलिस को घटनास्थल के पास एक मकान में लगे सीसीटीवी के फुटेज हाथ लगे हैं. उसमें पूरी घटना कैद हो गई है. पुलिस उसी आधार पर विक्की पर हमला करने वालों की पहचान में जुटी है. इस बीच आदित्यपुर पुलिस संदेह के आधार पर कईयों से पूछताछ भी कर रही है. इस क्रम में करीब तीन युवकों को हिरासत में भी लेने की बात सामने आ रही है. हालांकि अब तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. पुलिस खासतौर पर घटना के सही कारणों की जांच कर रही है. इसे लेकर यह भी पता लगाया जा रहा है कि विक्की नंदी की किससे दुश्मनी थी. इन सारी बिंदुओं पर जांच के बाद पुलिस घटना के कारणों को लेकर पुख्ता तौर पर कुछ कहने की बात कह रही है. मालूम हो कि राहरगोड़ा के रहने वाले विक्की नंदी का आदित्यपुर क्षेत्र से शुरू से ही खास रिश्ता रहा है. उसकी व्यवसायिक औऱ व्यक्तिगत गतिविधियां भी आदित्यपुर से ही जुड़ी बताई जा रही है. घटना गुरुवार की सुबह आदित्यपुर बेल्डीह छठ घाट के पास घटी. विक्की के कार पर अपराधियों ने बम से हमला किया था. इस दौरान फायरिंग की बात भी सामने आई. इससे देखते ही देखते पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. इस घटना में विक्की और उसकी एक महिला रिश्तेदार को बम का स्पिलनटर लगने से चोट लग गई. उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भेजा गया. पुलिस घटना में क्षतिग्रस्त विक्की की कार को जब्त कर थाना लाई है. आगे पुलिस मामले की जांच कर रही है.

विक्की के परिचितों का थाना आने-जाने का लगा रहा सिलसिला
घटना के बाद से ही देर तक आदित्यपुर थाना परिसर में विक्की नंदी के परिचितों का आना-जाना जारी रहा. इस दौरान अलग-अलग सभी घटना को लेकर ही चर्चा करते रहें. हालांकि हर कोई वहां मौजूद मीडियाकर्मियों को घटना लेकर कुछ बताने से परहेज करता रहा.
महिलाएं भी देर तक जमी रही थाना परिसर में
इसके अलावा कुछ महिलाएं भी देर तक आदित्यपुर थाना में जमी रही. इनमें ऐसी महिलाएं ज्यादा थी जो छठ घाट से होकर आई थी. इनमें घटना के बाद पुलिस की पूछताछ की जद में आए लोगों के ज्यादातर रिश्तेदार शामिल थे.
इसे भी पढ़ें- आदित्यपुर में छठ घाट पर युवक पर बम से हमला, जवाब में फायरिंग, एक युवती भी घायल




