
Jamshedpur : ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह के साले आदित्यपुर हरिओम नगर निवासी कन्हैया सिंह की हत्या के खिलाफ रविवार को विरोध-प्रदर्शन का दौर चला. उसके बाद झारखंड प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर आदित्यपुर स्थित पूर्व विधायक के आवास पहुंचे. उन्होंने शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदना प्रकट की. साथ ही हत्याकांड में अब तक पुलिस की कार्रवाई की भी विस्तृत जानकारी ली. इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बात की. उन्होंने कहा कि पुलिस मामले के आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे. नहीं तो जांच टीम में शामिल पदाधिकारियों को खामियाजा भुगतना होगा. उन्होंने इस मामले में आइजी से भी बात की. कहा कि फिलहाल वे रांची जा रहे हैं. इस मामले में बड़ी कार्रवाई होगी और क्षेत्र में कानून का राज स्थापित होगा. पूर्व विधायक के परिवार के प्रति उनके साथ पूरी कांग्रेस की संवेदना है. कन्हैया सिंह के हत्यारों को बख्शा नहीं जाएगा. इस मौके पर पंचायत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अजय सिंह, सुरेशधारी, आनंद बिहारी दुबे, अंबुज कुमार, छोटराय किस्कू समेत काफी संख्या में कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता मौजूद थे.
ये भी पढ़ें : JAMSHEDPUR : अवैध लॉटरी का धंधा करने वाले को पुलिस ने किया गिरफ्तार




