
Ranchi: बोकारो में एक बांग्लादेशी नागरिक के मिलने की सूचना है. इसे लेकर भाजपा ने चिंता जाहिर करते सवाल उठाया है. पूर्व नेता प्रतिपक्ष और चंदन कियारी के पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी ने इसे लेकर सोशल मीडिया पर सवाल रखा है. कहा है कि यह वही भयावह स्थिति है, जिसका अंदेशा था. अब वह हकीकत बन रहा है. खतरा लगातार बढ़ रहा है. सतर्क रहना अब ज़रूरी है. अमर के मुताबिक, चंदनकियारी में ग्रामीणों ने एक संदिग्ध बांग्लादेशी नागरिक को पकड़ा और पुलिस के हवाले किया. बताया जा रहा है कि रात में कई लोग संदिग्ध हालात में घूमते देखे गए, लेकिन सिर्फ़ एक को पकड़ा जा सका. बाकी सभी फरार हो गए. चिकित्सा जांच के दौरान उसने खुद को ढाका (बांग्लादेश) का निवासी बताया. अमर के अनुसार, यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि हमारी “माटी-बेटी-रोटी” के अस्तित्व पर सीधा हमला है. चंदनकियारी ही नहीं, पूरा झारखंड आज खतरे की जद में है. अब चुप रहने का समय नहीं है, यह झारखंड की अस्मिता की लड़ाई है. हम अपनों के सम्मान से समझौता नहीं करेंगे. उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस चुनौती के ख़िलाफ़ हर मोर्चे पर डटी रहेगी.



