
Ranchi: सोमवार को पूरी राजधानी जाम रही. लगभग पांच घंटे तक शहर के सभी मुख्य मार्गों पर आवागमन लगभग ठप सा रहा. सभी मार्गों में वाहन रेंगते नजर आए. कचहरी से रातू रोड और राजभवन की तरफ से कांके रोड जाने वाली सड़क पूरी तरह से जाम रही. तो वहीं, कचहरी से मोरहाबादी जाने वाली सड़क पर गाड़ियां रेंगती रही. वजह था आज पारा मेडिकल कर्मियों व सहियाओं के अलावा कांट्रेक्ट कर्मियों को स्थायी करने के विरोध में आदिवासी संगठनों के राजभवन के समक्ष प्रदर्शन था. दिन के एक बजे के बाद राजधानी की सड़कों में पैदल चलना भी मुश्किल नजर आ रहा था. आवश्यक कार्य से जाने वाले काफी परेशान रहे. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार नजर आ रही थी. एक किलोमीटर तक का सफर पूरा करने में आधा घंटा से लेकर दो से तीन घंटे का समय लगने से लोग बेहद परेशान नजर आए.
इसे भी पढ़ें: बरहरवा टोल प्लाजा टेंडर मामले में ईडी को प्रतिवादी बनाने के झारखंड हाई कोर्ट के आदेश पर सुप्रीम कोर्ट ने लगाई रोक
आये दिन धरना-प्रदर्शन से होती है परेशानी
लोगों की मानें तो कचहरी से राजभवन जाने वाली सड़क पर आये दिन जाम की स्थिति बनी रहती है. आज भी वही स्थिति पूरे दिन रही. पिछले एक घंटे से जाम में फंसे हुए हैं. धरना-प्रदर्शन करने वालों की भीड़ लगी हुई है. केवल एक ही सड़क नहीं बल्कि शहर की तमाम प्रमुख सड़कें जाम है.

स्कूल बस भी फंसा रहा
सर्दियों की छुट्टी खत्म होने के बाद आज राजधानी की सभी स्कूल खुल गई. स्कूल खुलने के बाद दोपहर में हुई छुट्टी के कारण कई स्कूल बसें भी जाम में फंसी नजर आई जिसके कारण जाम की समस्या अधिक लोगों के लिए परेशानी का कारण रहा. जाम में फंसे होने के कारण बच्चे हल्ला करते दिख रहे थे. बस में बैठे-बैठे कई बच्चे सो गये थे.





