
Chaibasa : झारखंड के पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री हैं मिथिलेश कुमार ठाकुर. वे गढ़वा से जीतकर विधायक बने और हेमंत सरकार में कैबिनेट मंत्री का ओहदा पाया. ठाकुर का राजनीतिक सफर पश्चिमी सिंहभूम के मुख्यालय चाईबासा से शुरू हुआ. वे चाईबासा नगर परिषद के अध्यक्ष भी रह चुके हैं. चाईबासा में पीने के पानी की विकट समस्या है. मिथिलेश ठाकुर नगर परिषद अध्यक्ष रहते इस समस्या से राहत भले नहीं दिलवा पाये, लेकिन जब पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री बने तो पेयजल समस्या से निजात पाने की हसरत उफान मारने लगी. लेकिन अब लोगबाग यह कहने को मजबूर हैं कि इसी समस्या के साथ जीना हमारी फितरत है.
सामान्य दिनों की कौन कहे, हद तो तब हो जाती है जब पर्व-त्योहार के मौके पर भी नलों से पानी नहीं टपकता. मंगलवार को ईद के मौके पर भी यही हुआ. चाईबासा के अधिकांश इलाकों में पानी की आपूर्ति नहीं हुई. पानी आपूर्ति से वंचित इलाके में मंत्री मिथिलेश कुमार ठाकुर का आवास भी है. वहां उनके परिजन रहते हैं. प्रचंड गर्मी और पर्व के दिन पेयजल आपूर्ति नहीं होने से हलकान लोगों ने जब सदर अस्पताल के समीप अवस्थित पानी टंकी में जाकर पता लगाया गया तो हैरान करनेवाली वजह सामने आयी. वहां मौजूद कर्मचारी ने बताया कि रात में जिस कर्मचारी की ड्यूटी थी उसने लापरवाही बरती. टंकी में पानी नहीं चढ़ाया जिसके कारण सुबह में पानी की आपूर्ति नहीं हो पायी.
हर पर्व-त्योहार में आती ऐसी शिकायत
सामाजिक कार्यकर्ता राजाराम गुप्ता सवाल करते हैं- पर्व – त्योहारों में ही ऐसी लापरवाही क्यों सामने आती है. संबंधित विभाग को चाहिए था कि पर्व- त्योहार को लेकर पूर्व से विशेष तैयारी कर रखें ताकि लोगों को कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़े. राजाराम गुप्ता ने हालात से सत्ताधारी दल के चाईबासा के विधायक दीपक बिरूवा एवं सदर अनुमंडल पदाधिकारी शशिंद्र कुमार बड़ाईक को जानकारी दी. लोगों की निगाहें इस ओर टिकी है कि इस तरह की लापरवाही बरतने वाले कर्मचारी को क्या सजा मिलती है और क्या कदम उठाया जाता है जिससे आइंदा ऐसी शिकायत नहीं आये.
डीसी के आदेश को भी ठेंका, किया गुमराह
दरअसल, चाईबासा शहरी क्षेत्र में पानी की आपूर्ति की समस्या पाइप लाइन की वजह से है. इसी सप्ताह उपायुक्त को अवगत कराया गया था कि संत जेवियर बॉयज स्कूल के समीप पाइपलाइन पुराना होने के कारण आए दिन क्षतिग्रस्त हो जाती है जिससे पेयजल आपूर्ति में बाधा उत्पन्न होती है. साथ ही आमलोगों को उक्त सड़क से आवाजाही में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है. समस्या पर त्वरित संज्ञान में लेते हुए उपायुक्त अनन्य मित्तल ने चाईबासा नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी को जल्द से जल्द पाइपलाइन मरम्मत का कार्य पूरा करने का निर्देश दिया था . निर्देश के बाद नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी ने बताया कि संत जेवियर बॉयज स्कूल के समीप पुराने पाइप को बदलते हुए नया पाइपलाइन लगाने का कार्य प्रगति पर है. यह कार्य दो दिन में पूरा कर लिया जाएगा. कार्यपालक पदाधिकारी ने यह जानकारी 28 अप्रैल को दी. इस हिसाब से काम पूरा होने की मियाद 30 अप्रैल तक थी. अब जबकि यह काम अबतक अपूर्ण है, समझना मुश्किल नहीं कि चाईबासा में पानी की समस्या कबतक खत्म होगी.




