
Ranchi: अमृत भारत योजना के तहत देशभर में 1309 रेलवे स्टेशनों का उन्नयन होगा. इसका लाभ झारखंड के भी 57 स्टेशनों को मिलेगा. इसमें रांची रेल डिविजन के एक दर्जन से अधिक स्टेशन शामिल है. रांची रेलवे के डीआरएम प्रदीप गुप्ता ने इस संबंध में शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि हटिया स्टेशन सहित इस डिवीजन के पिस्का रेलवे स्टेशन के उन्नयन कार्य होने हैं. 6 अगस्त को पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों इसका ऑनलाइन शिलान्यास होगा. हटिया स्टेशन के उन्नयन कार्य के लिए 355 करोड़ और पिस्का के लिए 27 करोड़ का बजट तय किया गया है. 6 अगस्त को शिलान्यास कार्यक्रम का आयोजन रांची रेलवे की ओर से हटिया तथा पिस्का स्टेशन पर किया जाएगा. मौके पर रेलवे अधिकारी निशांत कुमार सहित चंदन कुमार, कलावंती सहित अन्य भी उपस्थित थे.
प्रधानमंत्री नेतृत्व में रेलवे ने नया कीर्तिमान स्थापित किया: राकेश प्रसाद
भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं राज्य 20 सूत्री कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति, झारखंड के पूर्व उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति झारखंड में रेल सुविधाओं को बढ़ाने एवं आधारभूत संरचना के उन्नयन हेतु झारखंड के कई स्टेशनों का चयन किए जाने पर आभार व्यक्त किया है। कहा कि केन्द्र सरकार न सिर्फ आधारभूत संरचनाओं के माध्यम से बुनियादी सुविधाओं का विकास कर रही है, बल्कि उच्च कोटि की विश्व स्तरीय संरचना धरातल पर उतारा जा रहा है। केन्द्र सरकार की प्रतिबद्धता न सिर्फ बुनियादी सुविधायें उपलब्ध कराने तक ही सीमित है बल्कि लोगों को विश्व स्तरीय रेल सुविधा उपलब्ध कराना भी है.

इस दिशा में केन्द्र सरकार ने पूरे देश में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 508 रेलवे स्टेशनों के आधारभूत संरचना का उन्नयन किया जाना एक महत्वपूर्ण कदम है। झारखंड राज्य के रेलवे स्टेशनों का चयन कर केन्द्र सरकार ने यह स्पष्ट कर दिया है कि आने वाले दिनों में 886.70 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर झारखंड के स्टेशन में बुनियादी सुविधाओं के साथ-साथ यात्रियों को हर तरह की सुविधा उपलब्ध कराने का प्रयास राज्यवासियों के लिए हर्ष का विषय है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत झारखंड में हटिया स्टेशन के उन्नयन हेतु सर्वाधिक 355 करोड़ की राशि खर्च की जानी है। आने वाले दिनों में केन्द्र सरकार की मंशा है कि हटिया स्टेशन में भी वे सारी सुविधायें उपलब्ध हो जो देश के बड़े स्टेशनों में उपलब्ध है । इतनी राशि खर्च होने के बाद एक विश्व स्तरीय रेलवे स्टेशन तैयार होगा, जो पूरे राज्य के लिए गौरव का विषय होगा
श्री प्रसाद ने कहा कि अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत बोकारो स्टील सिटी में 33.5 करोड़, बड़काकाना रेलवे स्टेशन में 32.6 करोड़, नेताजी सुभाष चन्द्र बोस – गोमो जंक्शन में 32.4 करोड़, घाटशिला स्टेशन में 31 करोड़, पारसनाथ स्टेशन में 30.4 करोड़, कोडरमा स्टेशन में 30.3 करोड़, राजखरसावां स्टेशन में 30 करोड़, डाल्टनगंज स्टेशन में 29.2 करोड़, साहिबगंज स्टेशन में 29 करोड़, हजारीबाग रोड स्टेशन में 28.1 करोड़, मनोहरपुर स्टेशन में 27 करोड़, पिस्का स्टेशन में 27 करोड़, कतरासगढ़ स्टेशन में 26.9 करोड़, चन्द्रपुरा स्टेशन में 26.5 करोड़, नगरऊंटारी स्टेशन में 26.3 करोड़, गढ़वा टाउन स्टेशन में 25.5 करोड़, लातेहार स्टेशन में 24.5 करोड़, गढ़वा रोड स्टेशन में 24.5 एवं कुमारडुबी रेलवे स्टेशन के लिए 17 करोड़ की राशि उपलब्ध करायी गई है। राकेश प्रसाद ने कहा कि आने वाले दिनों में झारखंड के रेलवे स्टेशन उच्च स्तरीय सुविधा से लैस होंगे।




