Koderma

ट्रॉफी के कोडरमा पहुंचने पर लोगों की उमड़ी भीड़, किया स्वागत

कोडरमा: बीसीसीआई के घरेलू टी20 टूर्नामेंट, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड टीम की जीत से लोग उत्साहित हैं। अब ट्रॉफी को राज्य के सभी जिलों में घुमाया जा रहा है ताकि दूसरे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया जा सके। झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन के अधिकारियों द्वारा गुरुवार को सैयद मुश्ताक अली टी20 ट्रॉफी को कोडरमा लाया गया। ट्रॉफी का स्वागत करने के लिए जिमखाना क्लब में एक खास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में खिलाड़ी और खेल प्रेमी मौजूद थे।

डीएफओ मोहित बंसल और डीडीसी रवि जैन सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद थे। कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित कार्यक्रम में जेएससीए के अधिकारियों और प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत किया गया।मौजूद सभी लोगों ने ट्रॉफी के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और गर्व महसूस किया। मौके पर डीएफओ मोहित बंसल ने कहा कि यह ट्रॉफी राज्य के सभी लोगों के लिए गर्व की बात है, और इसे देखकर स्थानीय खिलाड़ियों को प्रेरणा मिल रही है।

कोडरमा जिला क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव दिनेश सिंह ने कहा कि ट्रॉफी को राज्य के सभी जिलों में ले जाया जा रहा है ताकि दूसरे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया जा सके, उन्हें और कड़ी मेहनत करने और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा सके। समाहरणालय परिसर में उपायुक्त ऋतुराज और जिप अध्यक्ष रामधन यादव ने भी ट्रॉफी का स्वागत किया।

Related Articles

Back to top button