
कोडरमा : जिला मुख्यालय कोडरमा में चोरी का बिजली तार बरामद कर तीन आरोपी गिरफ्तार किये गये हैं। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह को बीते दिन गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि कोडरमा थानान्तर्गत बागीटांड आईटीआई कॉलेज के बगल में अवस्थित ग्रीन होटल के पीछे प्लास्टिक गोदाम से चोरी का बिजली तार को खपाने के लिए कंटेनर वाहन में लोड किया जा रहा है। सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना स्थल पर छापामारी किया। टाटा कंटेनर वाहन संख्या एचआर38एजी 0524 पर लोड कर ले जाने के लिए रखा गया 15 बण्डल तार (चार फेज का जिसमें तीन तार कभर किया हुआ तथा एक तार बिना कभर का) एवं 15 बडा छोटा बण्डल अल्यूमिनियम का तार पाया गया। वहीं तीन व्यक्ति को इस काम को अंजाम देते हुए पाया गया, जिसे पुलिस टीम ने कब्जे में लेकर कंटेनर वाहन में लोड कर रखा गया बिजली के तारों के विषय में पूछताछ की। तीनों व्यक्तियों द्वारा कोई संतोषजनक जबाब नहीं दिया गया और न ही बिजली तारों के संबंध में कोई कागजात प्रस्तुत किया गया।
पकडे गये तीनों व्यक्तियों की पहचान लवकुश (कंटेनर ड्राईवर, पिता भजनलाल, साकिन पिपरौल पुख्ता, थाना उझानी, जिला बदाऊं, उप्र), राजेश कुमार (पिता सहदेव प्रसाद यादव, साकिन बजरंग नगर रेलवे लाईन के बगल में, कोडरमा) और कुशाग्र, पिता स्व नागेश्वर प्रसाद सिंह, साकिन बजरंग नगर बिजली ऑफिस के पीछे, कोडरमा) के रूप में हुई। पूछताछ में तीनों ने बताया कि बगोदर निवासी सुनील कुमार के द्वारा अल्युमिनियम तार कहीं से लाकर रखा गया था, जिसे तीनों खपाने के लिए कंटेनर पर लोड कर रखे थे।
पुलिस टीम ने कंटेनर व उसपर लोड बिजली के तार को जप्त किया गया एवं पकडे गये तीनों व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। इस बाबत कोडरमा थाना कांड सं 7/26 दर्ज कर अग्रतर कार्रवाई की जा रही है। इस घटना में संलिप्त अन्य लोगों के नाम पता का सत्यापन कर गिरफ्तारी हेतु छापामारी की जा रही है। पूरी कार्यवायी और छापामारी टीम में पुअनि धनेश्वर कुमार, राजीव रंजन कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।




