
-पहले चरण में सेवानिवृत और मृत 127 चिकित्सकों को एमएसीपी का लाभ -स्वास्थ्य, चिकित्सा और चिकित्सा शिक्षा विभाग का फैसला
Ranchi: झारखंड के सरकारी चिकित्सकों को पहली बार मॉडिफाइड सुनिश्चित वेतनमान वृद्धि (एमएसीपी) का लाभ मिलेगा. राज्य भर में ऐसे 530 चिकित्सकों को सूचिबद्ध किया गया है, जिन्हें बढ़े हुए वेतनमान का लाभ दिया जायेगा. अलग राज्य के गठन के बाद कुछ गिने-चुने चिकित्सकों को ही एसीपी का लाभ मिला है. पहले नियम था कि सेवा के 12 वर्ष बाद एमएसीपी का पहला लाभ वहीं 24 वर्ष पूरा होने के बाद दूसरा लाभ मिलता था. नये नियमों के अनुसार, जिनकी सेवा संपुष्ट हो गयी है और उन्होंने सरकारी नौकरी में आठ वर्ष पूरा कर लिये हैं, उन्हें एमएसीपी का लाभ देना जरूरी है.
इसे भी पढ़ेंःआतंकी मसूद अजहर को ‘जी’ कहने पर राहुल के खिलाफ शिकायत, मुजफ्फरपुर में परिवाद पत्र दायर
पहली सूची में 127 डॉक्टर्स के नाम
पहले चरण में सेवानिवृत और मृत हो चुके 127 डॉक्टरों को एमएसीपी का लाभ देने का निर्णय लिया जा चुका है. इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने अपनी सहमति भी प्रदान कर दी है. चिकित्सक संघ के डॉ विमलेश सिन्हा ने अन्य चिकित्सकों को भी एमएसीपी का लाभ दिये जाने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि एक वर्ष से विभाग में एमएसीपी का लाभ दिये जाने की संचिका पड़ी हुई है. उधर विभाग में दिसंबर 2018 के बाद से संचिका में किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई है.
इसे भी पढ़ेंःगोमियाः लापरवाही ने ली दो मासूमों की जान, लोगों में ईंट भट्टा संचालक के खिलाफ रोष
विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी चिकित्सकों की सेवा संपुष्टि के साथ उनका चारित्री प्रमाण पत्र (एसीआर) भी मांगा गया है. इनको मिला कर सूची तैयार की जा रही है. सूची को अंतिम रूप दे दिये जाने के बाद चिकित्सकों को एसीपी का लाभ दे दिया जायेगा.
इसे भी पढ़ेंःहाल पेयजल व स्वच्छता विभाग काः बगैर स्वीकृति के निकाला 10.52 करोड़ का टेंडर, फिर करना पड़ा कैंसल




