Bokaro

बेरमोः बोकारो थर्मल में छापामारी-दो ट्रक सहित 30 टन अवैध कोयला जब्त

Bermo: बेरमो एएसपी के नेतृत्व में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोयले के अवैध धंधे का खुलासा किया है. एएसपी आर रामकुमार ने बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र अंतर्गत जारंगडीह स्थित सीसीएल के मैगजीन हाउस के पास चलाये जा रहे कोयला के अवैध डीपू में छापामारी की. इस दौरान दो ट्रक सहित 30 टन अवैध कोयला जब्त किया गया. घटना बुधवार की देर रात लगभग एक बजे की है.

गुप्त सूचना पर छापेमारी

बेरमो एएसपी को गुप्त सूचना मिली थी कि बोकारो थर्मल थाना अंतर्गत जारंगडीह के सीसीएल मैगजीन हाउस के समीप दो ट्रक (JH10AP-0484,JH02L-1568) में अवैध कोयला लोड कर बाहर की मंडियों में भेजने की तैयारी की जा रही है. सूचना के आधार पर बेरमो एएसपी ने सशस्त्र बलों के साथ रात लगभग एक बजे उक्त स्थल पर छापामारी कर दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया. छापामारी के दौरान कोयला के अवैध कारोबारी भागने में कामयाब रहे. एएसपी ने दोनों ट्रकों को जब्त कर बोकारो थर्मल थानेदार को सौंप दिया है.

स्थानीय पुलिस को नहीं दी गयी छापेमारी की सूचना

बताया जाता है कि एएसपी ने बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में कोयला ट्रकों को जब्त करने से पहले तक इसकी भनक बोकारो थर्मल पुलिस को लगने तक नहीं दी. छापेमारी के बाद ही पुलिस को सूचना दी गयी थी.
बोकारो थर्मल थाना क्षेत्र में वर्तमान में विभिन्न स्थानों से कोयला का कारोबार किया जा रहा है. थाना क्षेत्र के बोरिया बस्ती,जारंगडीह, जारंगडीह मैगजीन हाऊस आदि स्थानों से कोयला का कारोबार जारी है. वहीं मामले पर एएसपी ने कहा कि बेरमो अनुमंडल के थाना क्षेत्रों से कोयला एवं लोहा का अवैध कारोबार किसी भी हाल में चलने नहीं दिया जाएगा.

Related Articles

Back to top button