
Ranchi: जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में बने अटल स्मृति वेंडर मार्केट में 5 मार्च तक चयनित दुकानदारों को शिफ्ट करने का निर्देश दिया गया है. अधिकारियों के मुताबिक गत 5 फरवरी को टाउन वेंडिंग कमिटी की बैठक के पश्चात रांची नगर निगम ने अपने आधिकारिक वेबसाइट www.ranchimunicipalcorporation.com पर चयनित फुटपाथ दुकानदारों की एक सूची जारी की थी. लिस्ट में नाम आने वाले दुकानदारों को वेंडर मार्केट में बसाया जा रहा है. कमिटी के सदस्यों ने फुटपाथ विक्रेताओं द्वारा किये दावे और आपत्ति के आवेदनों पर एक व्यापक विचार-विमर्श किया था. इसके निराकरण के बाद यह निर्णय लिया गया है. चयनित फुटपाथ विक्रेताओं अपने नाम की सूची निगम के अधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं. मालूम हो कि इस वेंडर मार्केट में कुल 471 दुकानें फुटपाथ दुकानदारों के लिए बनायी गयी हैं.
इसे भी पढ़ेंः लोकसभा और विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय ने बनाया सुविधा ऐप
490 दुकानदारों को बसाने का है दावा
वेंडर मार्केट और उसके समीप बने वेंडिंग जोन में करीब 490 फुटपाथ दुकानदारों को बसाने की बात की गयी है. शॉर्ट लिस्ट किये गये दुकानदारों को ही इस मार्केट में दुकानें आवंटित की जानी हैं. निगम द्वारा पूर्व में 660 फुटपाथ दुकानदारों को चिह्नित किया गया था. इसमें जांच में 448 फुटपाथ दुकानदारों को सही पाया गया. इसके बाद निगम ने दावा-आपत्ति निकाला. इसमें कुल 227 फुटपाथ दुकानदारों ने इसपर अपनी आपत्ति जतायी. बाद में जब जांच हुआ तो इन आपत्तियों में से 42 दुकानदारों सही पाये गये थे. इस तरह चयनित फुटपाथ दुकानदारों की कुल संख्या बढ़कर 490 हो गयी.
इसे भी पढ़ेंः रूस और ओआईसी का मध्यस्थता का प्रस्ताव नहीं, पाकिस्तान का दावा झूठा : भारत
150 दुकानदारों को सब्जी मार्केट में किया जायेगा शिफ्ट
वेंडर मार्केट का कार्य देख रहे सिटी मिशन मैनेजर विकास कुमार ने पहले ही बताया था कि इन 490 फुटपाथ दुकानदारों में कम से कम 150 फुटपाथ दुकानदार ऐसे हैं, जो मांस-मछली, फल सब्जी आदि बेचने का काम करते हैं. ऐसे दुकानदारों को निगम शुरुआत में वेंडर मार्केट के बाहर में दुकानें उपलब्ध करायेगा. इसके बाद जैसे ही नागाबाबा खटाल में सब्जी मार्केट का उदघाटन होगा, इन्हें यहां से हटाकर नागाबाबा खटाल शिफ्ट कर दिया जायेगा. ऐसे में 471 में केवल 340 दुकानदारों को ही बसाया जाना है. बाकी बचे 131 दुकानों में में अलबर्ट एक्का चौक से लेकर सर्जना चौक तक के फुटपाथ दुकानदारों को बसाने की बात कही गयी है.
वेंडिंग कमिटी ने की है जांच
अधिकारियों का कहना है कि झारखंड पथ विक्रेता (विनियमन एवं आजीविका संरक्षण) नियमावली 2015 में निहित शर्तो के तहत दावे और आपत्ति के जांच के बाद ही टाउन वेंडिंग कमिटी ने इन दुकानदारों को बसाने का निर्णय लिया है. नगर आयुक्त के निर्णय के बाद इन फुटपाथ दुकानदारों को निर्देश दिया गया है कि 5 मार्च को वे अनिवार्य रूप से मार्केट में अपने व्यवसाय का संचालन सुनिश्चित करेंगे.
इसे भी पढ़ेंः साइक्लोथन में सीपी सिंह ने चलायी साइकिल, स्वास्थ्य और पर्यावरण बचाने का दिया संदेश




