JharkhandRanchiTop Story

साइक्लोथन में सीपी सिंह ने चलायी साइकिल, स्वास्थ्य और पर्यावरण बचाने का दिया संदेश

Ranchi : रांची स्मार्ट सिटी मिशन  के अंतर्गत पब्लिक साइकिल शेयरिंग सिस्टम का रविवार को साइक्लोथन के साथ शुभारंभ हुआ. राजधानी के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान से नगर विकास एवं आवास विभाग मंत्री सीपी सिंह ने साइक्लोथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया. इस दौरान उन्होंने विदेशों में चल रही ऐसी योजनाओं को राजधानी में शुरू होने पर खुशी जतायी. इस मौके पर सीपी सिंह ने कहा कि देश-विदेश में भ्रमण के दौरान उन्होंने कई बड़े शहरों में ऐसी व्यवस्था देखी थी. सरकार की परिकल्पना थी कि राजधानी में भी ऐसी पब्लिक साइकिल शेयरिंग सिस्टम की शुरूआत हो. वहीं सीपी सिंह ने योजना के थोड़ा विलम्ब से शुरू होने पर कुछ नाराजगी भी जतायी, लेकिन कहा कि लेट से ही सही,  लेकिन इसकी शुरूआत से लोगों को उनके स्वास्थ्य और पर्यावरण को काफी फायदा होगा. इस दौरान विभागीय सचिव अजय कुमार सिंह,  रांची के डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, कांके विधायक जीतू चरण राम, रांची के नगर आयुक्त मनोज कुमार, स्मार्ट सिटी के सीईओ अमित कुमार, पीआरओ अमित कुमार सहित विभाग के कई अधिकारी मौजूद थे.

जर्मनी से लायी गयी हैं साइकिलें

आपको बता दें कि पहली बार शहर के लोगों को 50 हजार की जर्मनी की साइकिल की सवारी का लाभ मिलेगा. चार्टर्ड बाइक कंपनी की ओर से प्रथम चरण में शहर के विभिन्न हिस्सों में 60 डॉक्स (साइकिल स्टैंड) का निर्माण कराया गया है. करीब 600 साइकिल मंगायी गयी है. पब्लिक साइकिल शेयरिंग सिस्टम को दो फेज में बांटा गया है. प्रथम फेज के तहत ही रविवार से 600 साइकिल की शुरुआत हुई है. 60 स्टैंडों को चालू कर दिया गया है. आज यानि 3 मार्च से 9 मार्च तक लोग इसका मुफ्त में आनंद लेंगे. वहीं 10 मार्च से सेवा शुल्क के साथ साइकिल का उपयोग किया जा सकेगा. कोई भी व्यक्ति साइकिल के साथ छेड़छाड़ करने या चालू रूट से इधर-उधर जाकर ज्यादा देर तक साइकिल को रखने की कोशिश करेगा, तो ऐसे में  उसपर अभी से 5000 रुपये जुर्माना लगेगा.

कम दूरी के लिए साइकिल के उपयोग पर दिया जोर

कार्यक्रम के दौरान सीपी सिंह ने बताया कि सेवा का लोग अधिक से अधिक उपयोग करेंगे. आमतौर पर अब लोग घर से सब्जी खरीदने के लिए निकलते हैं, तो गाड़ी का इस्तेमाल करते हैं. इससे जहां स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है, तो वहीं पर्यावरण भी प्रदूषित होता है. ऐसे में अगर हम साइकिल का इस्तेमाल करें तो हमारा स्वास्थ्य तो सही रहेगा ही और पर्यावरण में प्रदूषण के स्तर में कमी भी आएगी. उन्होंने राजधानी वासियों से कम दूरी के लिए साइकिल के उपयोग जरूर करने का आग्रह किया.

विजेताओं को किया गया सम्मानित

इससे पहले मंत्री सीपी सिंह ने साइक्लोथन को हरी झंडी दिखाई. साइक्लोथन में 200 से ज्यादा प्रतिभागियों ने भाग लिया और लगभग 5 किलोमीटर तक साइकिल चलाया. इस मौके पर उपस्थित सभी अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने भी साइकिल की सवारी की. साइक्लोथन के बाद लकी ड्रॉ के जरिए 10 प्रतिभागियों को मेडल भी दिया गया. डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय ने लकी ड्रॉ के विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया.

इसे भी पढ़ें – कांग्रेस करती रही पुलिस से आग्रह “आने दें कार्यकर्ताओं को” आखिर में सुबोधकांत ने कहा “बैरिकेट हटायें और अंदर आ जायें”

Related Articles

Back to top button