
- पोस्टर एवं झंडों, प्रचार गाड़ी, नुक्कड़ सभा से होगा प्रचार-प्रसार
Ranchi : कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रांची में होनेवाली रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता एकजुट हो गये हैं. राहुल गांधी दो मार्च को रांची दौरे पर आनेवाले हैं. रैली की सफलता के लिए मोरहाबादी मैदान में एक भव्य मंच का निर्माण किया जा रहा है. रैली की सफलता के लिए रविवार को प्रदेश प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री आरपीएन सिंह, सह-प्रभारी उमंग सिंघार और विधायक दल के नेता आलमगीर आलम ने रैली स्थल का निरीक्षण किया. वहीं पार्टी मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार के नेतृत्व में जिला कांग्रेस अध्यक्षों, जोनल को-ऑर्डिनेटर, प्रदेश मीडिया विभाग, अग्रणी मोर्चा संगठन के प्रदेश अध्यक्षों संग एक बैठक आयोजित की गयी. इस दौरान कांग्रेसी नेताओं को रैली की सफलता के लिए कई जिम्मेदारियां सौंपी गयीं.
रैली के लिए होगा व्यापक प्रचार-प्रसार
रविवार को मोरहाबादी मैदान पहुंचे आरपीएन सिंह ने रैली को लेकर प्रस्तावित मंच के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया. उन्होंने पार्टी नेताओं को निर्देश दिया कि रैली में पार्किंग स्थल, प्रेस-मीडिया कवरेज स्थल, लोगों को सभा स्थल तक पहुंचने का मार्ग, पीने का पानी सहित अन्य आवश्यक चीजों की उचित व्यवस्था करें. कांग्रेस नेताओं को कहा कि दूर-दराज से आनेवाले लोगों को रैली में किसी तरह की असुविधा नहीं हो, इसका विशेष ख्याल रखना है. मीडिया प्रभारी ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की रैली को लेकर प्रदेश कांग्रेस कमिटी पूरी तरह से तैयार है. राजधानी में कांग्रेस के पोस्टर एवं झंडों से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जायेगा. साथ ही प्रचार गाड़ी, नुक्कड़ सभा के माध्यम से आमलोगों की भागीदारी भी रैली में सुनिश्चित की जायेगी.
सेवादल को गार्ड ऑफ ऑनर की मिली जिम्मेदारी
बैठक में रैली को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने को लेकर रणनीति बनायी गयी. बैठक में प्रदेश अध्यक्ष डॉ अजय कुमार ने सभी जिलाध्यक्ष एवं प्रकोष्ठों को रैली में अपने-अपने बैनर के साथ सभा स्थल तक पहुंचने का निर्देश दिया. वहीं, उन्होंने पार्टी के मोर्चा संगठन एवं विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारी दी. इसमें सेवादल को गार्ड ऑफ ऑनर की जिम्मेदारी प्रमुखता से शामिल है.
इसे भी पढ़ें- जनांदोलन के संयुक्त मोर्चा ने उठायी आवाज- विपक्षी गठबंधन में जनांदोलनों की हिस्सेदारी से ही हटाया जा…
इसे भी पढ़ें- जरूरत पड़ी तो अल्पसंख्यक को बनायेंगे मुख्यमंत्री: आम आदमी पार्टी




