
Wellington: इंडियन वीमेन क्रिकेट टीम की सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना ने एक छोर संभालकर रिकॉर्ड तोड़ अर्धशतक तो जमाया, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ बुधवार को पहले टी-20 क्रिकेट मैच में टीम को पराजय से नहीं बचा सकी. भारत ये मैच न्यूजीलैंड से 23 रन से हार गया. मंधाना ने किसी भारतीय के सबसे तेज अर्धशतक का अपना ही रिकॉर्ड एक गेंद से बेहतर किया. उसने वेस्टपैक स्टेडियम पर 34 गेंद की मदद से 58 रन बनाये. लेकिन अर्धशतक सिर्फ 24 गेंद में पूरा कर दिया था. बावजूद इसके इंडियन टीम को हार का सामना करना पड़ा.
23 रनों से हारी टीम इंडिया
न्यूजीलैंड की तेज गेंदबाज लिया ताहूहू ने चार ओवर में तीन विकेट लेकर भारतीय टॉप बल्लेबाजों को धराशायी कर दिया. भारतीय टीम को जीत के लिये 160 रन के लक्ष्य के जवाब में 19.1 ओवर में 136 रन पर आउट हो गई. लेग स्पिनर अमेलिया केर ने 28 रन देकर मंधाना और हरमनप्रीत कौर के महत्वपूर्ण विकेट लिये. ऑफ स्पिनर ले कास्पेरेक को भी दो विकेट मिले.
मंधाना और जेमिमा रौद्रिगेज (33 गेंद में 39 रन) ने दूसरे विकेट के लिये 102 रन जोड़े. इसके बाद ताहूहू ने भारतीय पारी को बिखेर दिया. एक समय भारत का स्कोर एक विकेट पर 101 रन था जो बाद में छह विकेट पर 117 रन हो गया. हरमनप्रीत ने 15 गेंद में 17 रन बनाये, लेकिन टीम को जीत तक नहीं ले जा सकी. मंधाना ने अपनी पारी में सात चौके और तीन छक्के लगाये.
वनडे टीम की कप्तान अनुभवी मिताली राज को इस मैच से बाहर रखा गया. अगला मैच शुक्रवार को ऑकलैंड में होगा.
इससे पहले न्यूजीलैंड की सलामी बल्लेबाज सोफी डेवाइन ने 48 गेंद में 62 रन की मदद से न्यूजीलैंड ने 20 ओवर में चार विकेट पर 159 रन बनाये. डेवाइन ने अपनी पारी में छह चौके और दो छक्के जड़े. उसने कप्तान एमी सैटर्थवेट (27 गेंद में 33 रन) के साथ 69 रन की साझेदारी की.
स्पिनर राधा यादव और पूनम यादव ने सूजी बेट्स (सात) और कैटलिन गूरी (15) को सस्ते में पवेलियन भेजा. डेवाइन और सैटर्थवेट छह गेंद के भीतर 16वें और 17वें ओवर में आउट हो गए. न्यूजीलैंड ने इसके बावजूद आखिरी 21 गेंद में 38 रन बनाये. विकेटकीपर कैटी मार्टिन 14 गेंद में 27 रन बनाकर नाबाद रही.




