
Brazil : दक्षिण पूर्व ब्राजील में एक खदान के पास स्थित बांध के ढह जाने से मची तबाही में कम से कम 40 लोगों की मौत हो गयी और लगभग 300 लोग लापता हैं. इनमें से कई लोगों के मारे जाने की आशंका है. खबरों के अनुसार ब्राजील के मिनास गेरेस राज्य में बेलो होरिजोंटो शहर के पास वेल खदान में शुक्रवार को यह आपदा आयी. बांध ढहने से समूचे इलाके में गाद से भरी बाढ़ आ गयी और ब्रुमाडिनो शहर के आस-पास के खेत इसकी जद में आ गये. जानकारी के अनुसार शनिवार को कई हेलीकॉप्टरों को बचाव कार्य में लगाया गया, क्योंकि बांध ढहने से निकला गाद इमारतों में भर गया है. रुक रुक कर हो रही बारिश की वजह से बचाव कार्य में परेशानी हो रही है. कई लापता लोगों के परिजन अपनों की तलाश में लगे हैं. राज्य के गवर्नर रोमेयू जेमा ने वादा किया है कि हादसे के लिए जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा. खदान का स्वामित्व ब्राजील की कंपनी वेल के पास है जो इसका संचालन भी करती है.
जब बांध ध्वस्त हुआ, तब कर्मचारी भोजन कर रहे थे
शुक्रवार की दोपहर को जब बांध ध्वस्त हुआ, तब कर्मचारी भोजन कर रहे थे. देखते ही देखते पूरा ढांचा ध्वस्त हो गया और हर तरफ केवल मलबा नजर आने लगा. कंपनी के अधिकारियों ने भी कहा कि 100 कर्मचारी सुरक्षित मिल गये हैं, लेकिन शनिवार को ही कंपनी ने एक बयान में कहा कि 200 कर्मचारी अब तक लापता हैं, जबकि दमकल अधिकारियों ने यह संख्या करीब 300 बताई है. राज्य के दमकल सेवा के अधिकारी कर्नल एडगार्ड एस्टावाओ ने पत्रकारों से कहा, 23 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. बचाव कर्मियों ने शनिवार को 43 लोगों को जीवित निकाला, जिससे उम्मीद है कि और लोग भी जीवित होंगे. शनिवार की दोपहर तक 40 शव निकाले जा चुके थे.
अब तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार 296 लोग लापता हैं. वेल की सूची के अनुसार ये सभी खदान कर्मचारी हैं. ब्राजील के राष्ट्रपति जैर बोलसोनारो ने आपदाग्रस्त इलाके का दौरा किया. उन्होंने ट्वीट कर कहा, ऐसे मार्मिक दृश्यों को देखकर भावुक हुए बगैर नहीं रहा जा सकता.
इसे भी पढ़ें : मोदी सरकार पूर्ण बजट पेश करने की तैयारी में, कांग्रेस में हलचल




