
INDIA की महारैली से CJP ने बनाई दूरी, ममता बनर्जी से मिले अभिजीत दीपके; बोले- समर्थन जारी रहेगा

नई दिल्ली: विपक्षी गठबंधन INDIA की एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली महारैली से ठीक एक दिन पहले शनिवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक और राष्ट्रीय संयोजक अभिजीत दीपके ने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद दीपके ने कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के अभियान को समर्थन देने की बात कही, लेकिन रामलीला मैदान की महारैली में शामिल नहीं होने का फैसला भी स्पष्ट कर दिया।
ममता बनर्जी से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में अभिजीत दीपके ने कहा कि वह दीदी का आभार जताने पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जब जंतर-मंतर पर नीट पेपर लीक के खिलाफ उनका पहला आंदोलन शुरू हुआ था, तब ममता बनर्जी ने युवाओं का पुरजोर समर्थन किया था। दिल्ली पुलिस द्वारा उनके साथियों सौरव दास और आशुतोष रंका की गिरफ्तारी के दौरान भी ममता बनर्जी उनके साथ मजबूती से खड़ी रही थीं।
महारैली को समर्थन, लेकिन मंच से दूरी
रामलीला मैदान में होने वाले विरोध प्रदर्शन में CJP की भागीदारी को लेकर अभिजीत दीपके ने कहा कि उनकी पार्टी रविवार के प्रदर्शन का पूरा समर्थन करती है और विपक्ष के साथ एकजुटता व्यक्त करती है। हालांकि, उन्होंने साफ किया कि कॉकरोच जनता पार्टी एक स्वतंत्र संगठन और निष्पक्ष प्लेटफॉर्म है। पार्टी अपनी इसी पहचान को बरकरार रखना चाहती है।
दीपके के इस बयान से साफ है कि CJP कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग के खिलाफ विपक्ष के अभियान के समर्थन में तो रहेगी, लेकिन INDIA गठबंधन की महारैली के मुख्य राजनीतिक मंच पर उसकी भागीदारी नहीं होगी। ममता बनर्जी से मुलाकात और समर्थन के ऐलान के बीच CJP ने अपनी स्वतंत्र राजनीतिक पहचान बनाए रखने का संदेश दिया है।




