
झारखंड होमगार्ड भर्ती दौड़ स्थगित, खराब मौसम के कारण लिया गया फैसला

रांची: झारखंड में होमगार्ड भर्ती को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। रामगढ़ जिले के पतरातू की महिला अभ्यर्थियों की 29 अक्टूबर को होने वाली शारीरिक दक्षता परीक्षा खराब मौसम के कारण स्थगित कर दी गई है। चक्रवात और बारिश की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन ने यह फैसला लिया है। परीक्षा की अगली तारीख की घोषणा बाद में की जाएगी।
अभ्यर्थियों को नई तारीख की जानकारी के लिए जिला प्रशासन की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया हैंडल पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
वहीं, मौसम विभाग ने 29 अक्टूबर को झारखंड के कई जिलों में भारी बारिश, तेज हवा और वज्रपात की आशंका जताई है। पलामू, गढ़वा, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। रांची में भी 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है।
मौसम के असर से राज्य के तापमान में भी बदलाव देखने को मिल सकता है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का अनुमान है।
ऐसे में अभ्यर्थियों को भर्ती परीक्षा से जुड़े नए निर्देशों और मौसम विभाग की चेतावनियों पर ध्यान देने की जरूरत है।




