
रांची : राजधानी रांची से सटे खूंटी जिले में खूंटी-सिमडेगा पथ पर बुधवार को हुए एक घटना में एक ट्रक ड्राइवर की जलने से मौत हो गई. घटना तोरपा थाना क्षेत्र के चुरगी गांव की है, जहां लगभग 11 बजे एक ट्रक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और इस दौरान ट्रक चालक के ट्रक में फंसे रह जाने के कारण जिंदा जलकर मौत हो गई. इस दौरान ट्रक का खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया.
स्थानीय लोगों के अनुसार घटना के समय ट्रक सिमडेगा से तोरपा होते हुए रांची की ओर जा रहा था, इस दौरान अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा कर पलट गया। पलटने के तुरंत बाद ट्रक में भीषण आग लग गई, जिसमें फंसे चालक ने बाहर निकलने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सका और आग की लपटों में घिरकर मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद मौके पर पहुंच तोरपा थाना की पुलिस ने ट्रक में लगी आग पर काबू पाने का प्रयास किया, वहीं हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल दिथा. इस बीच पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि ट्रक राजस्थान के अलवर जिले का है. पुलिस चालक की पहचान की पुष्टि करने का प्रयास कर रही है।




