
Ranchi: डांस झारखंड द्वारा पलास ऑडिटोरियम में आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में झारखंड की माटी, परंपरा, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत का शानदार प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न आयु वर्ग के बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों का मन जीत लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक संगीत और ‘हाय रे हमर सोना झारखंड’ की मनमोहक प्रस्तुति से हुई, जिसे बच्चों ने अद्भुत तालमेल और भाव-भंगिमा के साथ पेश कर सभागार में तालियों की गूंज भर दी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने सराहा
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोध कांत सहाय ने कहा कि “डांस झारखंड हमारे राज्य की परंपरा, संस्कृति और अस्मिता को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। हमारे कलाकार ही झारखंड की पहचान को देश-विदेश तक ले जा रहे हैं।” उन्होंने आयोजकों के प्रति आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से सांस्कृतिक विरासत जीवंत रहती है और बच्चों में आत्मविश्वास का विकास होता है।
दीपक प्रकाश ने किया सम्मानित
कार्यक्रम में उपस्थित भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश ने ‘डांस झारखंड’ के संचालक श्री राम जी को साल एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि हमारी संस्कृति हमारी सबसे बड़ी ताकत है। ऐसे आयोजन झारखंड की गौरवशाली परंपरा को जीवित रखते हैं। इसके साथ ही मंच पर शानदार प्रदर्शन करने वाले सभी बच्चों को सर्टिफिकेट और चीनी मोमेंटो देकर पुरस्कृत किया गया, जिससे बच्चों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम में झलकी झारखंडी लोक-संस्कृति की विविधता
मंच पर झारखंड के विभिन्न पारंपरिक नृत्यों को बच्चों द्वारा प्रस्तुत किया गया।इसमें गणेश वंदना गीत व लोकगीत आधारित प्रस्तुति का आकर्षक प्रदर्शन हुआ।
सांस्कृतिक धरोहर को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संकल्प
संचालक राम जी ने कहा कि डांस झारखंड का उद्देश्य बच्चों में झारखंडी संस्कृति के प्रति गर्व, सम्मान और पहचान को मजबूत बनाना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दर्शकों, अभिभावकों और कला-प्रेमियों ने भाग लिया और झारखंड की सांस्कृतिक छटा का भरपूर आनंद लिया।




