
धनबाद: झारखंड विधानसभा में मुख्य विपक्षी दल भाजपा के सचेतक और धनबाद के लोकप्रिय विधायक राज सिन्हा को इस वर्ष का ‘झारखंड का उत्कृष्ट विधायक’ पुरस्कार प्रदान करने के लिए चुना गया है। यह घोषणा धनबाद समेत पूरे राज्य के लिए गर्व का विषय है।
उन्हें यह विशेष सम्मान निरंतर जनसेवा, क्षेत्र के विकास कार्यों में सक्रिय भागीदारी, विधानसभा सत्रों में प्रभावी उपस्थिति और आम जनता के मुद्दों को पूरी मजबूती से उठाने के लिए प्रदान किया जा रहा है।
विधायक राज सिन्हा जी को यह प्रतिष्ठित सम्मान आगामी 22 नवंबर को झारखंड विधानसभा के स्थापना दिवस के अवसर पर एक औपचारिक समारोह में प्रदान किया जाएगा। विधानसभा द्वारा दिया जाने वाला यह पुरस्कार किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए सबसे बड़ा सम्मान माना जाता है। राज सिन्हा जी को उत्कृष्ट विधायक चुने जाने की खबर मिलते ही धनबाद में जश्न का माहौल है। धनबाद वासियों ने इसे जनता के विश्वास और समर्थन का परिणाम बताया है।
विभिन्न सामाजिक संगठनों, पदाधिकारियों और समाजसेवियों सहित समाज के हर तबके के लोगों ने उन्हें हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ दी हैं। बधाई देने वालों ने कहा कि यह सम्मान न केवल श्री सिन्हा के कार्यों की स्वीकृति है, बल्कि यह साबित करता है कि जनता की सेवा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता कितनी गहरी है। राज सिन्हा ने इस अवसर पर कहा कि वह “जन-जन की सेवा, जन-जन का विश्वास” के संकल्प के साथ आगे भी धनबाद के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहेंगे।




