JharkhandOpinionRanchi

“मैं कुर्सी का साथ निभाता चला गया, हर नियम की धज्जियां उड़ाता चला गया” महीने में 15 दिन मुख्यालय से बाहर रहते हैं साहब, फोटो खिंचवाना और गुब्बारे उड़ाना है मुख्य शौक

Ranchi: पुराने जमाने के मशहूर फिल्म स्टार देवानंद साहब पर फिल्माया गया एक गाना “मैं जिन्दगी का साथ निभाता चला गया, हर फिक को धुए में उड़ाता चला गया… अपने जमाने का सबसे प्रचलित गाना हुआ करता था. आज सैंया भए कोतवाल के दूसरे एपीसोड में हम आपको बताना चाहेंगे कि जिले के ये बड़े साहब इस गाने से शायद कुछ ज्यादा ही प्रभावित हैं. कुर्सी से चिपके रहने के लिए इन्होंने नियमों को तो जैसे ताक पर ही रख दिया है. अगर अपने किसी चहेते या पैरवी पुत्र की बात हो तो रातोंरात काम हो जाता है और सारे नियम-कानून की धज्जियां उड़ा दी जाती हैं, अन्यथा यह कह दिया जाता है कि हमारे पास तो डीएमएफटी में फंड ही नहीं है. जब एक ठेकेदार के नियम संगत भुगतान को लेकर हमारे संवाददाता ने उनसे अब तक भुगतान नहीं किए जाने का कारण जानना चाहा तो उन्होंने यह तक कह डाला कि हमारे जिले में तो डीएमएफटी का फंड ही नहीं है. अरे भइया, बोलने से पहले कुछ तो सोचना चाहिए था कि किससे और क्या बोल रहे हो ? पत्रकार साहब इतने भी नासमझ और बेवकूफ थोड़े हैं, जितना आप उन्हें समझ रहे हैं. हां, ये हो सकता है कि आप जितनी जानकारी उनको न हो, लेकिन सालों से इस पेशे में हैं तो पता तो सबकुछ होता ही है. संथाल के सबसे शानदार जिले में बैठकर कालगुजारियों की सारी हदें पार कर रखीं हैं आपने और संवाददाता को बता रहे हो कि डीएमएफटी में फंड ही नहीं है. इतना ही नहीं साहब ने तो संवाददाता को ये तक कह डाला कि आप मेरा रिकार्ड उठा कर देख लीजिए, हमने आज तक कोई नियम विरूद्ध काम ही नहीं किया है. अब पत्रकार साहब भी उनकी यह सब बातें सुनकर चकरा और मुस्कुराने लग गए और बोल ही बैठे कि हां साहब हमें भी सबकुछ पता है कि अब तक आपने कहां-कहां, क्या-क्या किया है और क्या-क्या कर रहे है ? और जो नहीं पता होगा वो पता भी कर लेंगे. फिर अब शुरू किया गया, पता लगाने का सिलसिला.

इसे भी पढ़ें: “जब सैंया भए कोतवाल तो डर काहे का” चहेतों के लिए नहीं है कोई नियम-कानून, चमचों की बल्ले-बल्ले

बताते चलें कि इस जिले में डीएमएफटी फंड की कोई कमी नहीं है, मतलब इतना है कि जिले में पहुंचने के लिए मारामारी होती है. पत्थर भी प्रचुर मात्रा में है और कोयला भी. साहब ने पिछले एक साल में अपने पिछले कई साहबों को पीछे छोड़ते हुए कुर्सी के लिए दर्जनों ऐसे काम किए हैं या कर रहे हैं कि अच्छे-अच्छे तीस मारखा शरमा जाएं. और निडर तो इतने हैं कि सच में विश्वास कीजिए कि साहब को किसी भी जांच एजेंसी, कोर्ट-कचहरी, सीनियर जूनियर, नेता-मंत्री, सरकार, विपक्ष, मीडिया आदि किसी का डर ही नहीं है, या ये उम्र के पड़ाव का जोश है या सईया के कोतवाल होने का अति आत्मविश्वास. कुछ विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक साहब महीने में 15 दिन से अधिक मुख्यालय से बाहर ही रहते हैं, पता नहीं इनको इतनी छुट्टी कैसे मिल जाती है. कहने के लिए तो स्वतंत्रता दिवस इनके लिए जिले में बड़े साहब की हैसियत से पहला ही था, लेकिन उसकी परेड के अभ्यास तक में साहब मौजूद नहीं थे, जिसमें उनके ठीक छोटे वाले साहब ने हिस्सा लिया था. इसके प्रमाण भी हमारे पास हैं. वहीं सोशल मीडिया में पोस्ट का तो इतना बुखार सवार है कि सेल्फी खींचने या मातहात अधिकारियों के व्यक्तिगत नंबर पर भी स्टेटस लगाने का फरमान जारी कर दिया जाता है. हालांकि एक बात है कि साहब छोटे-बड़े कर्मी में अंतर नहीं रखते, इसलिए छोटे से छोटे कमियों के साथ भी अक्सर सेल्फी लेते हुए मिल जाते हैं. फिर तो स्वाभाविक ही है कि जब किसी छोटे कर्मी से इतनी नजदिकियां रहेंगी तो उसकी सलाह भी मानेंगे ही. हर अवसर पर गुब्बारे उड़ाना, केक कटवाना और फोटो खिंचवाना साहब की पहली पसंद है. यह गाना भी शायद साहब को बहुत पंसद है, तू खींच मेरी फोटो, तू खींच मेरी फोटो दीया…ओह माफ कीजिए, पिया… वहीं दूसरी तरफ आंकड़ों के मुताबिक जिले में दर्जन भर से ज्यादा अवमानना के मैटर पेडिंग हैं, लेकिन उससे फर्क क्या पड़ता है. साहब तो किसी चीज का क्या डर ? अब कोर्ट तो स्थानांतरण-पदस्थापन करता नहीं और साहब डरते हैं सिर्फ कुर्सी जाने से.

अब आते हैं डीएमएफटी फंड में. अभी माननीय न्यायालय में बोकारो सहित राज्य के अन्य जिलों में डीएमएफटी में हुए करोड़ों-अरबों रूपए के घोटालों की सुनवाई चल रही है. सरकार की तरफ से भी कई जांच एजेंसियों की नजर इस पर है.

सरकार भी नहीं चाहती कि जिले में डीएमएफटी घोटाला हो. मीडिया और विपक्ष भी लगातार हल्ला बोल रहे हैं, लेकिन साहब को इन सब चीजों का भी डर नहीं है. सूत्रों के मुताबिक जिले में डीएमएफटी फंड के लिए किसी भी प्रकार का नियम-कानून नहीं है. साहब ने जब चाहा, जैसे चाहा, वैसे योजना का चयन कर लिया और काम शुरू करवा दिया. कभी माननीयों की अनुशंसा के नाम पर तो कभी क्षेत्र भ्रमण के दौरान. जिसको चाहा, उसको भुगतान किया, जिसको नहीं चाहा, उसको कोर्ट के आदेश पर भी नहीं दिया. सूत्रों की मानें तो जिसका भुगतान जिले के पिछले कई साहबों ने नहीं किया, उसका भुगतान भी हो गया साहब ने मोटी मलाई के लिए कर दिया. हमने तो आपको प्रथम एपीसोड में ही बताया था कि पड़ोसी जिले के एक चहेते ठेकेदार का करोड़ों रुपये का भुगतान रातों-रात हो गया, जबकि उसे डीएमएफटी फंड से वह कार्यादेश बिना किसी निविदा के दिया गया था. ठेकेदार साहब चहेते थे और बड़े साहब के बड़े साहब से फोन करवा कर पहुंचे थे, इसलिए काम हो गया. वहीं हमारे संवाददाता को यह कह दिया गया कि डीएमएफटी में फंड ही नहीं है, शायद इसलिए भी कह दिया होगा क्योंकि संवाददाता से उन्हें व्यक्तिगत फायदा तो होता नहीं. मीडिया से मांगे भी तो किस मुंह से मांगे और आदत तो ऐसी है साहब की, कि बिना वजन के कोई काम ही नहीं करते और बाकी तो वह हर क्षेत्र में हर फंड में अपने झंडे गाड़ ही रहे हैं. माइनिंग से हर महीने करोड़ों की अवैध वसूली हो रही है. डीएमएफटी फंड में भी नियमों की अनदेखी कर काम किया जा रहा है और सिर्फ चहेते व मोटा फायदा पहुंचाने वालों को ही काम दिया जा रहा है. उनके लिए किसी प्रकार की कमी इनके पास नहीं हैं. कुछ चहेते ठेकेदार तो देर रात तक आवासीय कार्यालय में भी खाते-पीते नजर आ जाएंगे. उनसे तो साहब की इतनी ज्यादा नजदीकियां हैं कि जन्मदिन से लेकर शादी की सालगिराह तक में उनलोगों को सपरिवार बुलवाया जाता है. और इन सब के बाद भी साहब कहते हैं कि हमारा रिकार्ड चेक करवा लिजीए. आज यदि यही ढंग से इस जिले के डीएमएफटी में हुए घोटालों की जांच हो जाए तो साहब को अपने आप समझ में आ जाएगा कि राज्य के सभी जिलों में से सबसे उंचे वो नहीं है. अन्यथा इनको को हमेशा सही कहते सुना गया है कि हमारे जितना काम तो किसी जिले के अधिकारी नहीं करते और न ही कोई हमारे जितना काबिल ही है.

एपीसोड जारी रहेगा…

Related Articles

Back to top button