
Ranchi: झारखंड हाई कोर्ट के 25वें स्थापना दिवस की मौके पर रजत जयंती समारोह में सोमवार को मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया गया. इसका उद्घाटन हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस तरलोक सिंह चौहान ने किया. इसका आयोजन झारखंड हाई कोर्ट लीगल सर्विसेज कमिटी के तत्वाधान में सदर हॉस्पिटल रांची, हाई कोर्ट एंपलॉयर्स को-ऑपरेटिव सोसाइटी रांची और झारखंड थैलेसीमिया फाउंडेशन और वॉलंटरी ब्लड डोनर एसोसिएशन के सहयोग से किया गया. मौके पर चीफ जस्टिस ने लोगों को रक्त देने का आह्वान करते हुए कहा कि रक्तदान को अपने जीवन का अंग बना ले. समय-समय पर हर लोगों को रक्तदान करना चाहिए. रक्तदान को लेकर लोगों को शिक्षित करने की जरूरत है. कई लोग सोचते हैं कि रक्तदान करने से उनमें खून की कमी आ जाएगी लेकिन ऐसा नहीं होता. कार्यक्रम में चीफ जस्टिस के अलावा जस्टिस राजेश शंकर, जस्टिस राजेश कुमार, जस्टिस सुजीत नारायण प्रसाद, जस्टिस अनिल कुमार चौधरी, जस्टिस दीपक रोशन, जस्टिस रंगन मुखोपाध्याय, जस्टिस प्रदीप कुमार श्रीवास्तव उपस्थित थे. मौके पर झारखंड स्टेट बार काउंसिल के अध्यक्ष राजेंद्र कृष्ण, हाई कोर्ट एडवोकेट एसोसिएशन की अध्यक्ष रितु कुमार , धीरज कुमार सहित कई अधिवक्ता भी उपस्थित थे. मौके पर कई लोगों ने रक्तदान किया. डेढ़ सौ से ज्यादा लोगों के रक्तदान का आज लक्ष्य रखा गया है.





