JharkhandLead NewsRanchiTOP SLIDER

रांची के सरकारी बस स्टैंड का पुराना ढांचा होगा ध्वस्त, 20.18 करोड़ की लागत से बनेगा नया परिसर

सरकार ने दी योजना को मंजूरी, आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा नया बस टर्मिनल

Nikhil Kumar

Ranchi: रांची स्थित सरकारी बस स्टैंड (स्टेशन रोड) के दिन बहुरेंगे. सरकार ने आधुनिक बस स्टैंड बनाने और इसके पूरे परिसर को विकसित करने के लिए विस्तृत प्राक्कलन रिपोर्ट जारी की है, जिसके अनुसार परियोजना की कुल अनुमानित लागत 20 करोड़ 18 लाख 66 हजार 800 रुपये निर्धारित की गई है. सरकारी बस स्टैंड के मौजूदा बुनियादी पुराने ढांचे को पूरी तरह से घ्वस्त कर एक नया एकीकृत एवं भविष्य उन्मुख बस टर्मिनल का निर्माण कराया जायेगा. नगर विकास विभाग ने इसका प्रस्ताव तैयार कराया है.

512 बसों से अधिक होगी परिचालन क्षमता, बनेगा आधुनिक

इस बस स्टैंड से प्रतिदिन 512 बसों के परिचालन की क्षमता के साथ वर्तमान मांगों को पूरा करने और भविष्य की वृद्धि को समायोजित करने लिए पूरी तरह से सुसज्जित बनाया जायेगा. रांची से बिहार, ओड़िशा, प.बंगाल, छत्तीसगढ़ सहित आस-पास के राज्यों के लिए बसों का परिचालन होता है. अंतर जिला भी बसें चलती हैं. इस बस स्टैंड  के अंतर्गत बसों के आगमन एवं प्रस्थान के लिए 8-8 बस वे, स्टैंडबाय बस पार्किग, रख-रखाव शेड, टर्मिनल भवन, उचित टर्निग रेडियस के साथ बसों के आगमन एवं निकास की व्यवस्था, गार्ड रूम, कैंटीन आदि का प्रावधान किया गया है. टर्मिनल भवन के अंतर्गत टिकट कांउटर, ट्रांसपोर्ट  मैनेजमेंट, ऑफिस, हेल्प डेस्क, 12 फूड कियोस्क, कैफेटेरिया, रेस्टोरेंट, ट्रांजिट यात्रियों के लिए डॉर्मिटरी, गेस्टरूम शौचालय आदि का प्रावधान किया गया है. जुडको द्वारा इसे बनाया जायेगा.

यातायात प्रबंधन, यात्रियों की बढ़ेगी सुविधा: सुनील कुमार

नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने कहा कि, नगर विकास से जुड़ी यह परियोजना शहर के यातायात प्रबंधन, यात्रियों की सुविधा और आधुनिक शहरी सेवाओं को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी. जल्द ही इसे धरातल पर उतारा जायेगा.

वर्तमान में जर्जर अवस्था में बस स्टैंड परिसर

वर्तमान में रांची अवस्थित सरकारी बस स्टैंड जर्जर अवस्था में है. बस स्टैंड अवस्थित अधिकांश संरचनाएं पुरानी एवं असुरिक्षत है. सभी इमारतें जैसे कि टिकट काउंटर छोटे गोदाम, कार्यालय एवं स्टॉफ क्वार्टर का नवीकरा संभव प्रतीत नहीं होता है. मूलभूत सुविधाओं जैसे- यात्री शेड, चालक प्रतिक्षालय, सुलभ शौचालय यात्री सूचना केंद्र या हेल्प डेस्क, जल निकासी की सही उचित व्यवस्था आदि का अभाव है. बस स्टैंड में  औचचारिक निगरानी प्रणली का अभाव है जो यात्रियों एवं बसों की सुरक्षा हेतू अपेक्षित है. उक्त सरकारी बस स्टैंड वर्तमान में आधुनिक मानकों के अनुसार कार्यात्मक नहीं है.

इन कार्यों में 15.81 करोड़ होगा खर्च

रिपोर्ट में निर्माण कार्यों को विभिन्न मदों में विभाजित किया गया है, जिसमें बस स्टैंड ब्लॉक, कैंटीन ब्लॉक, बाउंड्री वॉल, रोड वर्क, अंडरग्राउंड टैंक, सेप्टिक टैंक, बोरवेल, रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, गार्ड रूम, हॉर्टिकल्चर कार्य, इलेक्ट्रिकल वर्क, प्लंबिंग एवं फायर फाइटिंग वर्क से लेकर फर्नीचर और साइनज कार्य शामिल हैं. इन सभी कार्यों पर कुल ₹15.81 करोड़ से अधिक की लागत निर्धारित की गई है. इसके अतिरिक्त, परियोजना पर 18% जीएसटी, श्रम उपकर, जुडको सेंटेज फीस तथा कंसल्टेंसी शुल्क जैसे मदों को जोड़ने के बाद कुल लागत बढ़कर ₹20.18 करोड़ हो जाती है. प्राक्कलन में परियोजना की वित्तीय संरचना भी दर्शाई गई है, जिसमें कुल राशि का 33% व्यय वर्ष 2025-26 में तथा 67% व्यय वर्ष 2026-27 में प्रस्तावित है.

Related Articles

Back to top button