
Ranchi: बोकारो रेलवे स्टेशन परिसर स्थित खेल मैदान में कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड की पहल पर बोकारो जिला कबड्डी संघ के द्वारा प्रथम झारखण्ड राज्य अंडर 18 बालक एवं बालिका कबड्डी प्रतियोगिता आयोजित की गयी थी जिसका सोमवार को समापन हुआ. इसमें बालक वर्ग में देवघर एवं बालिका वर्ग में धनबाद की टीम चैंपियन बनी. इस अवसर पर झारखण्ड मुक्ति मोर्चा बोकारो महानगर अध्यक्ष मंटू यादव, झारखण्ड ओलम्पिक संघ के उपाध्यक्ष बिपिन कुमार सिंह, कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड के अध्यक्ष गोपाल ठाकुर, महासचिव मुकेश कुमार सिंह व शिशु सदन विद्यालय के निदेशक प्रद्युम्न कुमार पाण्डेय भी उपस्थित रहे. मौके पर श्री यादव ने कहा कि कबड्डी का खेल केवल मनोरंजन के लिए नहीं है बल्कि इसके माध्यम से जीवन की कई उपलब्धियों को प्राप्त कर अपने जिले, राज्य एवं देश का नाम रोशन कर सकते हैं.रेलवे स्टेशन, कुर्मीडीह जैसे क्षेत्र में राज्य स्तरीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन कई मायने में अहम है. कबड्डी सहित सभी खेलों में प्रतिभा को निखारने के लिए झारखण्ड सरकार हरसंभव मदद करने लिए तत्पर है. कबड्डी खेल में अंतर्राष्ट्रीय एवं राष्ट्रीय मेडल प्राप्त करने की क्षमता झारखण्ड के खिलाडियों में है, बस संसाधन की आवश्यकता है. आयोजन की सराहना करते कहा कि कबड्डी को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन एवं खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू से मिलकर कबड्डी एसोसिएशन ऑफ झारखण्ड को सरकारी स्तर पर हरसंभव सहयोग दिया जाएगा. मौके पर अंतर्राष्ट्रीय कोच तेजनारायण प्रसाद माधव, जगदीश कुमार, आलोक कुमार, सीताराम, संजू कुमार, कृष्णा यादव, प्रकाशित मिंज, रेशम तारा, बबीता कुमारी सहित अन्य लोग भी शामिल थे.
प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे
बालक वर्ग
फाइनल
देवघर – 45 बनाम कोडरमा – 39
सेमीफाइनल
चतरा – 38 बनाम देवघर – 40
कोडरमा – 62 बनाम गढ़वा – 46
क्वार्टर फाइनल
चतरा – 41 बनाम बोकारो – 38
देवघर -36 बनाम पू सिंहभूम-24
गिरिडीह-50 बनाम कोडरमा-54
जामताड़ा-21 बनाम गढ़वा- 43
बालिका वर्ग
फाइनल
धनबाद-34 बनाम कोडरमा -32
सेमीफाइनल
चतरा – 33 बनाम धनबाद -42
कोडरमा-47 बनाम पू सिंहभूम-32
क्वार्टर फाइनल
चतरा – 30 बनाम जामताड़ा-19
देवघर-13 बनाम कोडरमा-45
पूर्वी सिंहभूम-32 बनाम लातेहार-25
बोकारो-09 बनाम धनबाद -24




