JharkhandRanchi

रांची की सहायक सड़कों की मरम्मती को लेकर डालसा की रिपोर्ट में सरकार के दावे की पुष्टि नहीं : HC

Ranchi: झारखंड हाईकोर्ट में राजधानी रांची की सहायक सड़कों की मरम्मती को लेकर दाखिल शुभम कटारुका की जनहित याचिका पर सुनवाई हुई. मामले में कोर्ट के आदेश के आलोक में डिस्ट्रिक्ट लीगल सर्विस अथॉरिटी (डालसा) रांची की ओर से सरकार के अधीन वाली रांची की सड़कों की मरम्मती को लेकर  5 मई के शपथ पत्र में दावे पर रिपोर्ट प्रस्तुत की गई. रिपोर्ट का अवलोकन करने के बाद हाई कोर्ट के चीफ जस्टिस एस रामचंद्र राव की अध्यक्षता वाली खंडपीठ ने मौखिक कहा कि डालसा, रांची  की रिपोर्ट राज्य सरकार के दावे की पुष्टि नहीं करती है. यह सरकार के दावे को खारिज करती है. कोर्ट ने इस रिपोर्ट पर राज्य सरकार से जवाब मांगा है.

वहीं रांची नगर निगम के अधीन वाली तीन सड़कों मधुकम रोड, विष्णु टॉकीज लेन एवं लालजी हिरजी रोड के संबंध में  नगर निगम एवं राज्य सरकार की ओर से शपथ पत्र दाखिल कर बताया गया कि इसकी मरम्मती को लेकर फंड स्वीकृत कर दिया गया है , टेंडर प्रक्रिया के बाद इन सड़को की मरम्मती का कार्य किया जाएगा. खंडपीठ ने  मौखिक कहा कि राज्य सरकार एवं रांची नगर निगम को रांची में अपने अधीन वाली सड़कों को इस वर्ष बरसात के पूर्व बना लिया जाना चाहिए था ताकि मरम्मती  के बाद सड़क क्षतिग्रस्त ना हो.

दरअसल, पिछली सुनवाई में अपर महाधिवक्ता सचिन कुमार ने कोर्ट को बताया था कि राजधानी रांची में राज्य सरकार के अधीन वाली लेक रोड,  हजारीबाग रोड (लालपुर -कोकर रोड), डांगरा टोली पीस रोड जंक्शन, डोरंडा स्थित पुराने हाईकोर्ट के बिल्डिंग के पीछे की सड़क, मोराबादी टैगोर हिल रोड, सेवा सदन पथ की रखरखाव एवं मरम्मती काम सरकार लगातार कर रही है. यह सभी सड़क अच्छी स्थिति में है. प्रार्थी शुभम कटारुका की ओर से इसका विरोध किए जाने पर कोर्ट ने राज्य सरकार के अधीन वाली रांची की सड़कों की मरम्मती के संबंध संदर्भ में डालसा, रांची सचिव  से रिपोर्ट मांगी थी. प्रार्थी की ओर से कोर्ट को बताया गया था कि राज्य सरकार के अधीन वाली रांची की सड़कों की स्थिति आज भी बदतर स्थिति में है. इन सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं, हल्के वाहन अक्सर इन सड़कों पर पलट जाते हैं. टू व्हीलर वाहन की दुर्घटना की घटना अक्सर इन सड़कों पर देखी जाती है.

 रांची की सड़कों की मरम्मती का किया गया है आग्रह

प्रार्थी के अधिवक्ता शुभम कटारूका ने जनहित याचिका दाखिल कर बताया है कि  रांची की मुख्य सड़कों को छोड़कर सभी सहायक सड़कों की हालत खराब है. खासकर बड़ा तालाब के चारों ओर सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हैं. इस रूट से मरीज को लेकर एंबुलेंस को आने में काफी परेशानी होती है. इसी तरह रांची में लेक रोड, लालजी हीरजी रोड, लालपुर -कोकर रोड, डांगरा टोली पीस रोड जंक्शन, डोरंडा स्थित पुराने हाईकोर्ट के बिल्डिंग के पीछे की सड़क, मधुकम रोड, सेवा सदन पथ, मोराबादी टैगोर हिल रोड,इन्द्रपुरी रोड, अपर बाजार रोड आदि सड़के सड़के बदहाल स्थिति में है, जिसे दुरुस्त करने की जरूरत है.

Related Articles

Back to top button