
Ranchi : कार्तिक उरांव फ्लाइओवर पर बाइक से स्टंट करनेवाले युवक कासिफ को पुलिस ने हिरासत में लेकर फ्लाईओवर पर परेड कराया है. इस मौके पर कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोय, सदर डीएसपी संजीव बेसरा, यातायात डीएसपी प्रमोद केशरी, चुटिया थाना प्रभारी इंस्पेक्टर लक्ष्मीकान्त और कोतवाली ट्रैफिक इंस्पेक्टर मौजूद थे. इसके पहले पुलिस ने छापेमारी कर बाइक बरामद कर लिया था, लेकिन युवक फरार हो गया था. जानकारी के अनुसार बाइक चलानेवाले का नाम हंटर उर्फ राइडर उर्फ कासिफ है. कासिफ ने बाइक को दूसरे के घर में छिपा कर रखा था.
कई तरह के विवाद और हंगामा के बाद आखिरकार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इसी सप्ताह सिरम टोली फ्लाईओवर का उद्घाटन किया. जिससे लोगों को जाम से राहत तो मिली, लेकिन रात के समय फ्लाईओवर पर स्टंटबाज युवकों ने अपना बसेरा बना लिया है. हैरतअंगेज स्टंट करके खुलेआम युवक कानून का मजाक बना रहे थे. यही नहीं स्टंट करने वालों का दुस्साहस इतना बढ़ गया कि उन्होंने स्टंट करने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर डाला. लेकिन यहीं पर स्टंटबाज गलती कर गये. मामले को लेकर झारखंड सरकार के परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने तुरंत ट्रैफिक एसपी रांची को निर्देश दिया कि स्टंट करनेवाले युवकों को चिन्हित कर इन्हें परिवहन का नियम बतायें और अभिलंब कार्रवाई करें.



