
Koderma: जिले के चंद्रोडीह में गुरुवार की दोपहर परीक्षार्थियों को लेकर जा रहे एक ऑटो अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई. इस दौरान ऑटो पर सवार कई परीक्षार्थी घायल हो गए. घायलों को स्थानीय लोगों की सहायता से इलाज के लिए सदर अस्पताल कोडरमा लाया गया. अस्पताल में इलाज के दौरान एक छात्रा की मौत हो गयी. घायलों ने बताया कि सभी इंदरवा स्थित परीक्षा केंद्र से जैक के द्वारा आयोजित दसवीं बोर्ड की परीक्षा देकर अपने गांव कमेडीह लौट रहे थे. घायलों में चांदनी कुमारी पिता उमेश चौधरी, पूर्णिमा कुमारी पिता दिनेश पंडित, तन्नू कुमारी पिता श्यामसुंदर राना, निशु कुमारी पिता सतेंद्र बरनवाल, ज्योति कुमारी पिता सतीश पंडित, दिलसान अंसारी, अरमान अंसारी, सेहान अंसारी, सोनम कुमारी पिता संजय पंडित शामिल हैं. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल परीक्षार्थी ज्योति कुमारी (16) को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद हजारीबाग मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था लेकिन छात्रा की सदर अस्पताल में ही मौत हो गई. इसकी सूचना पाकर कोडरमा पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. जबकि अन्य सभी घायलों का इलाज चल रहा है. पुलिस ने ऑटो को जप्त लिया और चालक को हिरासत में लिया गया है.




