National

नए साल तक जारी रहेगा ठंड का कहर, बर्फबारी और बारिश बढ़ाएगी सर्दी

New Delhi: उत्तर भारत में सर्दी का कहर जारी है. पहाड़ों से लेकर मैदानी इलाकों तक घने बादलों और बर्फबारी का सिलसिला शुरू हो चुका है. वहीं, निचले इलाकों में बारिश के कारण तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है. दिल्ली-एनसीआर समेत कई स्थानों पर शुक्रवार को हुई बारिश ने ठंड बढ़ा दी. दिल्ली में 27 दिसंबर को इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा, जहां सफदरजंग और पालम में अधिकतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया. मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में एक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और पूर्वी हवाओं के टकराव के चलते बारिश और ओलावृष्टि हो रही है. अगले कुछ दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है. IMD के वैज्ञानिक नरेश कुमार ने बताया कि वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ पंजाब और उसके आसपास सक्रिय है. इसके प्रभाव से दिल्ली-एनसीआर, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान में तापमान में और गिरावट होगी.

मौसम विभाग ने दिल्ली और उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. शुक्रवार को दिल्ली के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट और शनिवार-रविवार के लिए ‘येलो’ अलर्ट घोषित किया गया है. हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में भी भारी बारिश की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग का अनुमान है कि नए साल की शुरुआत भी बर्फबारी, बारिश और घने कोहरे के साथ होगी. अगले सप्ताह ठंड का प्रभाव और तेज होने की संभावना है. सर्द रातों और कोल्ड वेव के कारण लोग कड़ाके की ठंड का सामना करेंगे. ऐसे में विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की सलाह दी है.

Related Articles

Back to top button