
Dhanbad: जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा ने बुधवार को मध्य विद्यालय झारुडीह स्थित मतदान केंद्र संख्या 162 में अपने मताधिकार का प्रयोग किया. इस दौरान उन्होंने झारुडीह मध्य विद्यालय स्थित सभी मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया और मतदाताओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी ना हो इसके लिए संबंधित पदाधिकारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि सशक्त लोकतंत्र के निर्माण में एक-एक मतदाता की भूमिका अहम है. उनका हर एक वोट कीमती है.
वहीं, वरीय पुलिस अधीक्षक हृदीप पी जनार्दनन ने अपनी पत्नी के साथ कला भवन स्थित मतदान केंद्र में अपने मताधिकार का प्रयोग कर मतदान किया. वरीय पुलिस अधीक्षक महोदय ने धनबाद की आम जनता से निर्भीक होकर निष्पक्ष मतदान करने की अपील की.
धनबाद जिला अंर्तगत 11:00 बजे तक कुल मतदान प्रतिशत 27.98% रही
- 38-सिंदरी = 32.02%
- 39-निरसा = 32.25%
- 40-धनबाद = 21.49%
- 41-झरिया = 23.83%
- 42-टुंडी = 31.57%
- 43-बाघमारा = 28.86%
डीसी व एसएसपी ने विभिन्न बूथों का किया निरीक्षण
झारखंड विधानसभा निर्वाचन 2024 के तहत दूसरे चरण में धनबाद जिला के सभी विधानसभा क्षेत्र में सुबह 7:00 से मतदान जारी है. मतदान केंद्रों पर सुबह से ही जिला निर्वाचन पदाधिकारी और वरीय पुलिस अधीक्षक द्वारा निगरानी रखी जा रही हैं. स्वच्छ एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त माधवी मिश्रा और वरीय पुलिस अधीक्षक एचपी जनार्दनन द्वारा धनबाद जिला अंतर्गत चौथाई कुल्ही, ऊपर कुल्ही, शाह नगर, लोदना, जोरापोखर, भागा, रमजानपुर, जामाडोबा, भोंरा, आलम नगर, डिगवाडीह, किड्स गार्डर स्थित विभिन्न बूथ, क्रिटिकल बूथ व वल्नरेबल बूथ का संयुक्त निरीक्षण किया गया. इस दौरान उन्होंने बूथों पर मौजूद संबंधित पदाधिकारी को स्वच्छ, निष्पक्ष एवं त्रुटि रहित मतदान संपन्न कराने के लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिए. साथ ही आम जनता से भयमुक्त होकर मतदान करने के लिए अपील किया गया.





