
Patna: पटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित एक अपार्टमेंट की 14 वीं मंजिल से कूदकर एक सेवानिवृत्त आईजी की बेटी ने रविवार को आत्महत्या कर ली. रिटायर्ड आईजी उमाशंकर सुधांशु की बेटी स्निग्धा जो एक डॉक्टर थी, उनकी शादी 10 दिसंबर को किशनगंज के डीएम से होनेवाली थी. दोनों परिवार शादी की तैयारियों में जुटा था, इस बीच स्निग्धा की खुदकुशी ने सबको स्तब्ध कर दिया है.
घर से मॉर्निंग वॉक का बोलकर निकली थी
बताया जा रहा है कि स्निग्धा घर से मार्निंग वॉक के बहाने निकली थी. और ड्राइवर को शहर के सबसे ऊंचे अपार्टमेंट में ले जाने को कहा. इसके बाद पटेलनगर से कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित उक्त अपार्टमेंट पहुंची. और 12 वीं मंजिल में किसी से मिलने जाने की बात कहकर अपार्टमेंट में घुसी. स्निग्धा के ड्राइवर ने भी इस बात की तस्दीक की है कि सुसाइड से पहले उसने इलाके के रेकी की. अपार्टमेंट की 14 वीं मंजिल से कुर्सी व स्टूल बरामद किया है, जिस पर चढ़कर स्निग्धा ने छलांग लगायी थी. छत की बाउंड्री ऊंची होने के कारण कुर्सी पर स्टूल रखा गया ताकि कूदने में आसानी हो. स्निग्धा की इन तैयारियों से ऐसा प्रतीत होता है कि वह पूरी सोची-समझी रणनीति के तहत आत्महत्या करने के लिए वहां पहुंची थीं.
वही पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मनु महाराज ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि मामले की जांच के लिए एफएसएल की टीम को बुलाया गया है. पुलिस मामले की हर पहलु से छानबीन कर रही है.
आज होनी थी शादी
सेवानिवृत्त आईजी और पटना के पटेलनगर निवासी उमाशंकर सुधांशु की बेटी स्निग्धा की 10 दिसंबर को किशनगंज के जिलाधिकारी से शादी होनी थी. 8 दिसंबर को तिलक समारोह हुआ था. एक साल पहले ही दोनों की शादी तय हुई थी. रिंग सेरेमनी भी हो चुकी थी.
बताया जा रहा है कि स्निग्धा किसी आईआईटीएन से शादी करना चाहती थी. लेकिन परिवारवालों को शायद ये रिश्ता मंजूर नहीं था. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है.




