
Nikhil Kumar
Ranchi: सहजानंद चौक से रातू रोड चौराहा होते हुए कांके रोड के एसीबी कार्यालय तक प्रस्तावित हरमू रोड फ्लाईओवर के निर्माण की हरी झंडी मिल गयी है. पथ निर्माण विभाग ने इसके निर्माण का डीपीआर तैयार कर लिया है, संभवत: 28 जून की कैबिनेट की बैठक में इसके निर्माण के लिए प्रस्ताव आयेगा. लगभग 487 करोड़ की लागत आने का आकलन किया गया है. इसके निर्माण की स्वीकृति अगर मिल गयी तो राजधानी रांची का यह चौथा फ्लाईओवर होगा. इस फ्लाईओवर की लंबाई 3.53 किमी होगी.
हरमू फ्लाईओवर के निर्माण का डीपीआर तैयार करके इसकी तकनीकी स्वीकृति ले ली गयी है. जल्द ही कैबिनेट से स्वीकृति लेकर इसकी प्रशासनिक मंजूरी भी दी जायेगी. इसके बाद टेंडर इत्यादि करके इस वित्तीय वर्ष में काम प्रारंभ कराने की योजना है. इंजीनियरों ने बताया कि हरमू फ्लाईओवर निर्माण के लिए बनाये गये प्राक्कलन में से निर्माण की लागत 355 करोड़ रुपये होगी, वहीं, शेष राशि जमीन अधिग्रहण, बिजली उपकरणों की शिफ्टिंग, पाइप लाइन की शिफ्टिंग, कंसलटेंसी चार्ज आदि में खर्च की जायेगी. भू-अर्जन में बड़ी राशि खर्च की जायेगी.
कई जगह बनेंगे रैंप
प्रस्तावित फोरलेन फ्लाईओवर मौजूदा हरमू रोड के साथ-साथ चलेगा. इस पर चढ़ने उतरने के लिए एसीबी ऑफिस स्टार्ट प्वाइंट, और हरमू चौक के पास इंड प्वाइंट होगा. दोनों जगह पर रैंप बनाये जायेंगे. इसके अलावा सहजानंद चौक के पास बांयी ओर भी रैंप बनाया जायेगा. जिसके जरिए लोग कडरू आदि इलाके से आना-जाना कर सकेंगे.
वहीं, रातू रोड चौराहा के पहले गौशाला के पास भी रैंप बनाया जायेगा. निर्माणाधीन रातू रोड फ्लाईओवर के लिए अकाशावानी रांची के पास भी रैंप बनाया जाएगा.
रातू रोड जंक्शन के पास जमीन से 18 मीटर उंचा होगा फ्लाईओवर
वर्तमान में रातू रोड फ्लाईओवर का काम चल रहा है. हरमू रोड फ्लाईओवर का निर्माण रातू रोड फ्लाईओवर को भी क्रास करेगा. विभाग ने जो डीपीआर बनाया है उसके अनुसार करीब 18 मीटर रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर से उंचा हरमू रोड फ्लाईओवर होगा. ऐसे में हरमू रोड से आने वाले वाहन उपर ही उपर पार हो जायेंगे.
यातायात व्यवस्था होगी सुगम
बता दें कि राजधानी में अभी कांटाटोली फ्लाईओवर, सिरमटोली-डोरंडा फ्लाईओवर, रातू रोड एलिवेटेड कॉरिडोर का निर्माण चल रहा है. अब चौथे फ्लाईओवर निर्माण की दिशा में तेजी से प्रक्रिया शुरू की गयी है. इस चौथे फ्लाईओवर के बनने से राजधानी की यातायात व्यवस्था काफी सुगम होगी. किशोरगंज चौक आसपास लगने वाले जाम भी निजात मिलेगी.
इसे भी पढ़ें: सितंबर तक हर हाल में सिरमटोली फ्लाईओवर निर्माण कार्य पूरा करायें: बसंत सोरेन




