National

अलवर : पुलिस पर हमला करने वाले हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान के घर चलेगा बुलडोजर

Alwar: अलवर में दो दिन पहले पुलिस पर हमला करने वाले हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान के घर पर सरकार अब बुलडोजर चलाएगी. फिरोज की ओर से सरकारी जमीन को कब्जा कर बनाए गए उसके मकान पर प्रशासन ने रेड मार्क लगा दिया है. राजस्व विभाग की टीम ने रविवार को फिरोज के गांव मन्नाका पहुंचकर उसके मकान की पैमाइश की. इसके साथ ही उसके आलीशान मकान के बाहर सरकारी भूमि लिख दिया गया है. अब जल्द ही उसे जमींदोज किया जाएगा.

अलवर के वैशाली नगर थाना इलाके के मन्नाका गांव में हिस्ट्रीशीटर फिरोज खान और उसके परिजनों की ओर से पुलिस पर हमला और पथराव करने के बाद पुलिस अब एक्शन मोड में नजर आ रही है. अब हिस्ट्रीशीटर फिरोज के मकान पर अब बुलडोजर चलाने की तैयारी कर ली गई है. उसने अपना मकान सरकारी जमीन पर कब्जा करके बना रखा है.

हमले की घटना के बाद पुलिस ने रविवार को सर्च ऑपरेशन चलाकर फिरोज के माता-पिता समेत 9 आरोपियों को राजकार्य में बाधा, पुलिस पर हमला और सरकारी संपत्ति का नुकसान करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस शनिवार शाम को हिस्ट्रीशीटर फिरोज को पकड़ने के लिए उसके गांव मन्नाका गई थी. पुलिस के वहां पहुंचते ही फिरोज के परिजनों और अन्य लोगों ने पुलिस पर हमला कर दिया था. बाद में पथराव कर हड़कंप मचा दिया. उन्होंने पुलिस की गाड़ियों के शीशे भी तोड़ दिए थे. उसके बाद फिरोज मौका देखकर ट्रेलर में बैठकर वहां से फरार हो गया था. बाद में पुलिस का अतिरिक्त जाब्ता वहां पहुंचा और हालात को संभाला. रविवार को पुलिस फिर मन्नाका गांव में पहुंची तो वहां सन्नाटा पसरा हुआ था.

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अलवर तेजपाल सिंह ने बताया की मर्डर की धमकी, रंगदारी और पेट्रोल पंप लूट का आरोपी हिस्ट्रीशीटर फिरोज रविवार को अलवर में भाईचारा सम्मेलन करने जा रहा था. इसका सुराग मिलने पर शनिवार शाम 7.30 पुलिस टीम उसे गिरफ्तार करने उसके घर पहुंची थी.

वहां मौजूद लोगों और उसके परिजनों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया. हिस्ट्रीशीटर फरार हो गया. हमले में दो कांस्टेबल घायल हो गए थे. फिरोज के खिलाफ 12 केस दर्ज हैं. फिरोज पर गैंग के साथ मध्य प्रदेश में 6 पेट्रोल पंप लूट की वारदात करने के आरोप हैं. लूट मामले में एक महीने पहले ही वह जमानत पर जेल से छूटकर आया था.

Related Articles

Back to top button