
Ranchi : जमशेदपुर के मानगो थाना की पुलिस ने स्कूटी में फर्जी नंबर लगा कर चोरी की फिराक में घूम रहे एक अपराधी को गिरफ्तार किया है. एक दर्जन से अधिक मामलों में संलिप्त आरोपी डकैती, एनडीपीएस, रंगदारी समेत कई मामले में जेल जा चुका है. आरोपी आसिफ अख्तर उर्फ शीबू उर्फ शीबू बच्चा मानगो थाना क्षेत्र के आजादबस्ती स्थित रोड न0-2 का रहने वाला है. पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना पर मानगो थाना की गश्ती पार्टी एवं टैंगो-4 ने तत्काल कारवाई करते हुए दाईगुट्टू सामुदायिक भवन के पास से एक व्यक्ति को लाल रंग की स्कूटी में सवार होकर भागते हुए पकड़ा. पूछताछ करने पर अपना नाम आसिफ अख्तर उर्फ शीबू उर्फ शीबू बच्चा पिता-मो हाफिज बताया. स्कूटी के बारे में पूछने पर तीन-चार महीने पहले चोरी कर फर्जी नंबर प्लेट लगा कर उपयोग करने की बात कही. आगे सख्ती से पूछताछ में बताया कि आज फिर से चोरी करने के उद्देश्य से निकला था परन्तु पुलिस के द्वारा पकड़ा गया. इस संदर्भ में मानगो थाना (कांड सं0- 157/24) में आईपीसी की धारा-420/379/411 में मामला दर्ज किया गया है. आसिफ अख्तर उर्फ शीबू उर्फ शीबू बच्चा पूर्व में कई बार डकैती, रंगदारी, आर्म्स एक्ट, मार-पीट, चोरी, एनडीपीएस एक्ट जैसे आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है. आसिफ अख्तर पर जमशेदपुर और सराईकेला के विभिन्न थाना में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं.
इसे भी पढ़ें – रांची: डोरंडा के मिस्त्री मोहल्ला में अपराधियों ने चलायी तीन राउंड गोलियां, बच्चा घायल



