
Garhwa/Palamu : झारखंड स्थापना दिवस समारोह के दौरान पुलिस लाठीचार्ज और गिरफ्तारी के विरोध में पारा शिक्षक उग्र हो गए हैं. हड़ताल पर जाने के बाद पारा शिक्षक भाजपा के सांसद और विधायक के कार्यक्रम का भी बहिष्कार करने लगे हैं. गढ़वा जिले के रंका अनुमंडलीय मुख्यालय में पलामू सांसद बीडी राम को विरोध का सामना करना पड़ा.
चार साल में पहली बार रंका प्रखंड पहुंचे थे सांसद
सांसद विष्णु दयाल राम को रंका प्रखंड के पारा शिक्षकों ने ‘सांसद वापस जाओ’ के नारों के साथ काला झंडा दिखाया. सांसद रंका प्रखंड में चार साल में पहली बार रंका अनुमंडल के प्रखंड रंका के प्रांगण में जनता दरबार लगाने आए हुए थे. हालांकि सांसद ने पारा शिक्षकों को समझाने का भरपूर प्रयास किया. सांसद ने कहा कि पारा शिक्षकों की मांगे जायज है और इसका समाधान किया जायेगा.
इसे भी पढ़ेंः झारखंड में नवजात मृत्यु दर में आयी कमी
275 लाभुकों को मिला गोल्डन कार्ड
जनता दरबार में प्रखंड के कई गांव के फरीयादी पहुंच कर अपने-अपने व्यथा को रखा. सांसद ने जनता दरबार में आये सभी फरीयादियों की बातों को गंभीरता से सुनकर उसपर उचित कार्रवाई करने का निर्देश पदाधिकारियों को दिया. सांसद ने कहा कि प्राधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा आयुष्मान भारत योजना का लाभ गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना भाजपा की वास्तविक छवि है. सरकार की कद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी है. आज संसार के लोग भारत को उच्च दृष्टि से देखना शुरू कर दिया है. हमारी आर्थिक नीति मजबूत हुई है.
मौके पर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के 255 लाभुकों को गैस-चुल्हा और आयुष्मान भारत योजना के तहत 275 लाभुकों को गोल्डन कार्ड और 5 व्यक्ति को स्वच्छता प्रमाण पत्र का वितरण किया.




