
Ranchi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिमरिया (चतरा) में शनिवार को आयोजित जनसभा में इंडी गठबंधन खासकर कांग्रेस, झामुमो, राजद जैसे दलों को निशाने पर लिया. तुष्टीकरण की राजनीति करने और अपने वोटबैंक को खुश करने के प्रयास का आरोप लगाया. साथ ही इससे देश को बचाने और सबों को सतर्क रहने की अपील की. चतरा लोकसभा के सिमरिया के मुरवे फुटबॉल मैदान में जनसभा को संबोधित करते कहा कि कांग्रेस, झामुमो जैसे दल भ्रष्टाचार में शामिल हैं. कांग्रेस के सांसद, मंत्री के सचिव और उसके करीबी के घर से नोटों के पहाड़ निकलते हैं. कांग्रेसी सांसद (अब पूर्व) के घर से मिले नोटों को तो गिनने में लगी मशीन भी हांफ गयी थी. कांग्रेस अब हताश है. निराशा में बयान दे रही है. छोटे और क्षेत्रीय दलों का कांग्रेस में विलय की बात करती है. मौके पर उन्होंने चतरा से एनडीए प्रत्याशी कालीचरण सिंह और हजारीबाग से मनीष जायसवाल को जीत दिलाने की भी अपील की. जनसभा में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, लोकसभा प्रभारी आदित्य साहू, जिला अध्यक्ष रामदेव भोक्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे.
झामुमो, कांग्रेस को आदिवासियों के अतीत, गौरव से जुड़ाव नहीं
पीएम ने जनसभा में कहा कि प्रभु राम को 14 वर्षों का वनवास मिला. इस दौरान जब वे वनों में गये तो आदिवासियों के ही बीच रहे. इस वर्ग के सहयोग से ही वे बाद में मर्यादा पुरुषोत्तम बने. हम राम की भक्ति करते हैं पर उन्हें प्रभु राम बनाने वाले आदिवासियों को भी नमन, पूजा करते हैं. इसके विपरीत झामुमो, कांग्रेस जैसे दलों को आदिवासियों के अतीत, गौरव से जुड़ाव नहीं है. इस राज्य में राज्यपाल रह चुकी आदिवासी महिला द्रौपदी मुर्मूको भाजपा ने आपके वोट से मिली ताकत से राष्ट्रपति बनाया. वे पिछले दिनों रामलला के पूजन, दर्शन को अयोध्या गयीं. इस पर कांग्रेस ने प्रेस कांफ्रेंस कर मंदिर को गंगाजल से धुलने की बात की जो देश, आदिवासी, महिला समाज के साथ श्रीराम का भी अपमान है. ये वोट के लायक नहीं. ये आदिवासी समाज को मनुष्य ही नहीं मानते. इन्हें केवल आपका वोट चाहिए.
आपकी संपत्ति पर कांग्रेस की नजर
मोदी ने कहा कि कांग्रेस के युवराज आजकल नया फॉर्मूला लेकर आए हैं. वे सरकार में आने पर आपके संपत्ति की जांच कराने और मुस्लिमों में बांटने का काम करेंगे. मतलब आपकी अपनी कमाई संपति को भी वे अपने ही संतान को पूरी तरह नहीं देने देंगे. गांव और शहर में आपका एक एक घर है तो एक घर ले लेंगे. ये दलित, आदिवासी, ओबीसी का आरक्षण छीनकर मुस्लिमों को देना चाहते हैं. आंध्रप्रदेश, कर्नाटक में यह होने भी लगा है. जंगलराज के प्रतीक और चारा घोटाले के बड़े गुनहगार भी मुस्लिमों को पूरा आरक्षण लाभ देने की बात कर चुके हैं. झारखण्ड में बाहर से आकर, घुसपैठ कर यहां के आदिवासी बहनों से शादी की जा रही, उनकी जमीन लूटी जा रही. ऐसे घुसपैठिए और दल झारखंड और भारत की पहचान को ही बदल देना चाहते हैं. सब सतर्क रहें. उन्होंने 20 मई को एनडीए प्रत्याशी के पक्ष में वोट करने की अपील करते कहा कि हर वोट देश की सुरक्षा का ढाल बनेगा.




